लोहरदगा : अवैध बालू उठाव रोकने पहुंचे सीओ पर हमला, अपराधी ट्रैक्टर लेकर फरार

लोहरदगा : अवैध बालू उठाव रोकने पहुंचे सीओ पर हमला, अपराधी ट्रैक्टर लेकर फरार

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jan 31, 2026, 12:05:00 PM

लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार की जांच करने पहुंचे अंचल अधिकारी (सीओ) पंकज कुमार भगत पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। यह घटना मुरकी–सेन्हा पथ पर नूरी सराय पुल के पास हुई, जहां सीओ पुलिस बल के साथ कार्रवाई के लिए पहुंचे थे।

सीओ पंकज कुमार भगत ने सेन्हा थाना में दिए आवेदन में बताया कि उन्हें गुरुवार शाम करीब 4:45 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में अवैध डंपिंग यार्ड से बालू का उठाव किया जा रहा है। सूचना के आधार पर जब वह मौके पर पहुंचे, तो वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ हिंसक व्यवहार शुरू कर दिया।

आवेदन के अनुसार, सेन्हा नूरी सराय निवासी जैनुल अंसारी के पुत्र दानिश अंसारी, उसकी पत्नी नुसरत जहां, छोटे पुत्र राशिद अंसारी सहित लगभग 10 अज्ञात महिला और पुरुषों ने सीओ और उनके साथ मौजूद टीम पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडे और बेलचा से मारपीट की तथा ईंट-पत्थरों से सरकारी वाहन के शीशे को तोड़ दिया।

सीओ ने यह भी बताया कि कार्रवाई के दौरान जिस ट्रैक्टर को अवैध बालू के साथ पकड़ा गया था, आरोपितों ने जबरन बालू अनलोड कर ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए। इतना ही नहीं, उन्हें रोककर दोबारा मारपीट करने की कोशिश की गई और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद सभी हमलावर वहां से भाग निकले। सीओ के आवेदन के आधार पर सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा ने कांड संख्या 26/26 के तहत सरकारी कार्य में बाधा, हमला और धमकी देने से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।

थाना प्रभारी नीरज झा ने बताया कि देर शाम एफआईआर दर्ज की गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरोपितों की पहचान कर जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।