लातेहार : लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक सड़क दुर्घटना में पलामू का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना चंदवा एनएच-75 रांची-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर लटदाग पुल के समीप हुई। घायल व्यक्ति की पहचान सतबरवा थाना क्षेत्र के अनिल कुमार पांडे के पुत्र हिमांशु कुमार पांडे के रूप में की गई है।
बाइक से गिरकर हुआ घायल
जानकारी के अनुसार, हिमांशु पांडे गुरुवार की सुबह बाइक पर सवार होकर किसी काम से चंदवा जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में चंदवा थाना क्षेत्र के लटदाग गांव के पास वे बाइक से अनियंत्रित होकर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल, रिम्स रेफर
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल हिमांशु पांडे को तत्काल इलाज के लिए चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, युवक के सिर, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
पत्रकारों ने दिखाई मानवता
इस घटना के बाद एक ऐसी स्थिति भी सामने आई कि घटना के बाद घायल युवक के साथ अस्पताल में कोई परिजन या अटेंडेंट मौजूद नहीं था। ऐसे में स्थानीय पत्रकारों ने आगे बढ़कर मानवता का परिचय दिया। पत्रकारों ने अस्पताल प्रबंधन से बात कर तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कराई और घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रवाना करवाया।
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट