कोडरमा में 20 वर्षीय छात्र ने की आत्मह*त्या, ऑनलाइन गेमिंग की लत से था परेशान

कोडरमा में 20 वर्षीय छात्र ने की आत्मह*त्या, ऑनलाइन गेमिंग की लत से था परेशान

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jan 31, 2026, 1:45:00 PM

कोडरमा जिले के झुमरी गांव से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां ऑनलाइन गेमिंग की लत और उससे उपजे मानसिक तनाव के बीच एक युवा की जान चली गई। 20 वर्षीय मोहित यादव ने कथित तौर पर कीटनाशक का सेवन कर लिया, जिसके बाद उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

परिजनों के अनुसार मोहित पिछले कुछ समय से अत्यधिक ऑनलाइन गेम खेल रहा था। इसी वजह से वह मानसिक दबाव में रहता था और अक्सर तनावग्रस्त व बेचैन नजर आता था। बीती रात उसने घर में रखे कीटनाशक का सेवन कर लिया, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।

मृतक की पहचान मोहित यादव के रूप में हुई है। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और स्नातक की पढ़ाई कर रहा था। परिवार का कहना है कि पढ़ाई के साथ-साथ गेमिंग की आदत ने उसके मानसिक स्वास्थ्य पर गहरा असर डाला था।

मोहित के चचेरे भाई दीपक कुमार यादव ने बताया कि वह बीते कुछ दिनों से डिप्रेशन में था। ऑनलाइन गेमिंग को लेकर वह लगातार तनाव महसूस करता था और कई बार असहज व्यवहार भी करता था। दीपक के मुताबिक, इसी मानसिक परेशानी के चलते मोहित ने यह खौफनाक कदम उठाया।

परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी मोहित के पिता पर थी, जो पेशे से ट्रक चालक हैं और काम के सिलसिले में अधिकतर बाहर रहते हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं परिजन गहरे सदमे में हैं।