झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने खूंटी जिले की एक थाना प्रभारी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। गुरुवार को एसीबी की टीम ने अहतु थाना की प्रभारी सपना सुलेखा को 50 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार करते समय रंगे हाथ दबोच लिया। यह कार्रवाई पूर्व में मिली शिकायत की जांच के बाद की गई।
एसीबी के अनुसार, अहतु थाना क्षेत्र के हुरलूंग गांव निवासी श्याम कुमार ने ब्यूरो से शिकायत की थी कि उनके खिलाफ वर्ष 2025 में दर्ज एक आपराधिक मामले (कांड संख्या 06/25) में राहत दिलाने के नाम पर थाना प्रभारी ने उनसे 4.50 लाख रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि पैसे देने पर उन्हें मामले में निर्दोष बताने का भरोसा दिया गया था।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पूरे मामले का गोपनीय सत्यापन कराया। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर विशेष टीम का गठन किया गया और ट्रैप की योजना बनाई गई।
योजना के अनुसार, शिकायतकर्ता ने तय कार्यक्रम के तहत रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये थाना प्रभारी को सौंपे। जैसे ही रकम का लेन-देन हुआ, पहले से निगरानी कर रही एसीबी की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सपना सुलेखा को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी अब पूरे मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। साथ ही रिश्वत मांगने के आरोप और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी विस्तृत जांच की जा रही है।