एसपी के नेतृत्व में जामताड़ा पुलिस ने चलाया स्वच्छता अभियान, अधिकारियों-कर्मियों को दिलाई शपथ

जामताड़ा पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को जिले भर में स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान चलाया गया। स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत थीम पर केंद्रित इस जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

जामताड़ा पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को जिले भर में स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान चलाया गया। स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत थीम पर केंद्रित इस जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त जामताड़ा एवं जिले के विभिन्न प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के साथ जिला समाहरणालय परिसर में वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया।

साथ ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस केंद्र, जामताड़ा सहित जिले के सभी थानों एवं पुलिस प्रतिष्ठानों में थाना प्रभारियों, पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने अपने-अपने परिसरों में साफ-सफाई की। अभियान में शामिल सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।

वहीं गांधी जयंती के अवसर पर पुराना कोर्ट मोड़, जामताड़ा में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त के साथ पुलिस अधीक्षक ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस मौके पर जिले के कई प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।

जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट