जामताड़ा पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने दो जगहों पर छापेमारी कर 3 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
साइबर अपराध के डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, पु०नि० अनिल अभिषेक, पु०नि० अमित कुमार, पु०अ०नि० हीरालाल महतो, पु०अ०नि० कुन्दन कुमार वर्मा के साथ एक छापेमारी दल का गठन किया गया था। टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के बोरबा गांव में बबलू अंसारी के घर पर छापा मारकर 1 साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया।
वहीं करमाटांड़ थाना क्षेत्र के काशीटांड़ आमबगान के निकट छापेमारी में 2 साइबर अपराधी पकड़े गए।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बबलू अंसारी (22), पप्पू मंडल (25), प्रकाश कुमार मंडल (28) के रूप में हुई है।इनके खिलाफ साइबर अपराध थाना कांड संख्या 71/26 और 72/26, दिनांक 04.11.2026 के तहत बीएनएस 2023 और आईटी एक्ट व टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
इन आरोपियों के पास से नगद राशि - 8,13,000 रुपये, 8 मोबाइल तथा 6 सिम कार्ड बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि ये अपराधी लोगों को कॉल करके क्रेडिट कार्ड से संबंधित समस्या का निपटारा करने के बहाने उनके मोबाइल पर रम्मी ऐप का फर्जी एपीके फाइल भेजते थे। एपीके फाइल इंस्टॉल कराते ही उनकी सारी जानकारी हासिल कर साइबर ठगी करते थे।
दूसरे तरीके में फोन पे में 1,999 रुपये का कैशबैक का मैसेज भेजकर ग्राहक को एक्सेप्ट करने के लिए कहते थे। जैसे ही ग्राहक एक्सेप्ट करता था, तो ये लोगों के फर्जी ऐप में पैसा आ जाता था।
प्राथमिकी अभियुक्त पप्पू मंडल जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 33/25 में आरोप पत्रित है। वहीं प्रकाश कुमार मंडल जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 09/25 में आरोप पत्रित है। इनका कार्यक्षेत्र देश के विभिन्न राज्य बताया गया है। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर उक्त बातों की जानकारी दिया तथा कहा कि साइबर अपराधियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट