प्लस टू उच्च विद्यालय में पांच अतिरिक्त वर्ग कक्ष का शिलान्यास, विधानसभा अध्यक्ष ने रखी आधारशिला

जामताड़ा: शिक्षा के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में नाला प्रखंड में एक और पहल की गई है। जामताड़ा जिला के नाला प्रखंड स्थित राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय, अफजलपुर में पांच अतिरिक्त वर्ग कक्ष के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।

जामताड़ा: शिक्षा के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में नाला प्रखंड में एक और पहल की गई है। जामताड़ा जिला के नाला प्रखंड स्थित राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय, अफजलपुर में पांच अतिरिक्त वर्ग कक्ष के निर्माण कार्य का शिलान्यास शुक्रवार को किया गया। झारखंड सरकार द्वारा प्रायोजित इस निर्माण कार्य का शिलान्यास विधानसभा अध्यक्ष सह नाला विधायक रवींद्रनाथ महतो ने नारियल फोड़कर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर किया।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा-नाला के बच्चों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा

इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि अफजलपुर स्कूल इस क्षेत्र का एक प्रमुख विद्यालय है। यहां छात्रों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त कक्षाओं की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इन पांच नए वर्ग कक्षों के निर्माण से बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा और पठन-पाठन अधिक सुचारू रूप से हो सकेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों को भी सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। नाला विधानसभा क्षेत्र के लिए हम लगातार विकास कर रहे हैं। नए-नए प्रोजेक्ट लाए जा रहे हैं, ताकि यहां के स्थानीय विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए कहीं बाहर न जाना पड़े और उनकी पढ़ाई यहीं पूरी हो जाए।उन्होंने आगे कहा कि इसके बाद नाला विधानसभा के कई अन्य विद्यालयों में भी अतिरिक्त वर्ग कक्षों का निर्माण कराया जाएगा। 

अभी हमारे विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल, कॉलेज, बिजली, पानी जैसी सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। आगे भी नाला के सर्वांगीण विकास के लिए काम जारी रहेगा।

इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष उज्ज्वल भट्टाचार्य, भवसिंधु लायक, शिबू सिंह, दयामय मंडल,विनय सिंह, उज्ज्वल सिंह, प्रमोद कविराज, पूर्व मुखिया रूपलाल मरांडी, संतोष मंडल, शिक्षक शुभजित मुखर्जी, अफजलपुर पुलिस केंद्र प्रभारी एएसआई संजय गहलोत, एएसआई निताई दास सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट