नाला के काजू बगान में प्रोसेसिंग प्लांट लगाने पर डीसी ने जताई सहमति, किसानों को मिलेगा सीधा लाभ

जामताड़ा जिले के उपायुक्त आलोक कुमार ने शनिवार को कृषि और वन विभाग के अधिकारियों के साथ नाला प्रखंड क्षेत्र के डाड़र मौजा स्थित काजू बगान का औचक निरीक्षण किया।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 26, 2026, 10:53:00 AM

जामताड़ा जिले के उपायुक्त आलोक कुमार ने शनिवार को कृषि और वन विभाग के अधिकारियों के साथ नाला प्रखंड क्षेत्र के डाड़र मौजा स्थित काजू बगान का औचक निरीक्षण किया। करीब 50 एकड़ में फैले इस बगान में हजारों काजू के पौधे लगे हैं, जो सीजन में अच्छी उपज देते हैं। निरीक्षण के दौरान डीसी आलोक कुमार ने पौधों की बढ़वार, फलों की गुणवत्ता और प्रति एकड़ होने वाली उपज की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों और विभागीय पदाधिकारियों से बातचीत कर यह भी जाना कि अभी काजू को कच्चे रूप में ही कम दामों पर बेच दिया जाता है।

इस दौरान डीसी आलोक कुमार ने कहा कि अगर यहां प्रोसेसिंग प्लांट लगाया जाए तो ग्रामीणों को उनके उत्पाद का सही दाम मिलेगा और सरकार को भी राजस्व का लाभ होगा। उन्होंने कृषि विभाग को निर्देश दिया कि एकड़ में कितनी उपज होगी और उससे कितनी आमदनी संभव है, इसका विस्तृत सर्वे कर रिपोर्ट तैयार की जाए। इसके बाद क्षेत्र के किसानों को बंजर और परती जमीन पर काजू की खेती के लिए जागरूक किया जाएगा।

किसानों को मिलेगा सीधा लाभ 

 ग्रामीणों ने बताया कि हर साल सीजन में काजू तोड़कर बिचौलियों को औने-पौने दाम में बेचना पड़ता है। प्रोसेसिंग प्लांट लगने से न सिर्फ स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ेगा, बल्कि किसानों की आमदनी भी दोगुनी हो सकेगी। इस दौरान जिला कृषि पदाधिकारी लव कुमार, वन क्षेत्र पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार, बीडीओ आकांक्षा कुमारी, सहायक अभियंता निखिल कुमार, बीटीएम सुजीत कुमार सिंह, प्रखंड कृषि पदाधिकारी समीर बाद्यकर, राजस्व कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जमीन की उपयुक्तता, सिंचाई और बाजार की संभावनाओं को देखते हुए जल्द कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजी जाए।

जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट