बांकीपुर उपचुनाव को लेकर श्रीकृष्णापुरी में भाजपा-एनडीए की चुनावी बैठक, नीरज सिन्हा के समर्थन की अपील
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर उत्तरी श्रीकृष्णापुरी स्थित कस्तूरबा पथ में भाजपा-एनडीए की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी एवं ए.एन. कॉलेज, पटना के पूर्व प्राचार्य डॉ. मदन मुरारी उपस्थित रहे।

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर 24 जुलाई 2026 को उत्तरी श्रीकृष्णापुरी स्थित कस्तूरबा पथ में भाजपा-एनडीए की एक महत्वपूर्ण चुनावी बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी एवं ए.एन. कॉलेज, पटना के पूर्व प्राचार्य डॉ. मदन मुरारी उपस्थित रहे। बैठक में स्थानीय नागरिकों, बुद्धिजीवियों एवं मतदाताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने उपस्थित मतदाताओं से आगामी 30 जुलाई को होने वाले बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा-एनडीए के अधिकृत प्रत्याशी नीरज सिन्हा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नीरज सिन्हा को भारी मतों से विजयी बनाकर क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान की जा सकती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भरोसेमंद नेतृत्व तथा स्वर्गीय नवीन सिन्हा एवं नितिन नवीन द्वारा क्षेत्र में किए गए विकास कार्य जनता के सामने एक मजबूत उदाहरण हैं। इन्हीं विकास कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के लिए भाजपा-एनडीए प्रत्याशी नीरज सिन्हा को अपना समर्थन देना आवश्यक है।
मिथिलेश तिवारी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचा है और आगामी समय में भी विकास की यह गति निरंतर बनी रहेगी। उन्होंने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अधिक से अधिक मतदान करने का आग्रह किया।
बैठक में ए.एन. कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. मदन मुरारी ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि का चयन विकास, सुशासन और जनहित के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने मतदाताओं से विवेकपूर्ण निर्णय लेते हुए भाजपा-एनडीए उम्मीदवार नीरज सिन्हा को समर्थन देने की अपील की।
वहीं प्रोटोकोल प्रमुख (बीजेपी नागपुर) व के. एस. कॉलेज के डायरेक्टर डॉ नीतीश सिंह ने भी भाजपा-एनडीए प्रत्याशी नीरज सिन्हा की जीत का दावा किया और कहा कि जनता प्रधानमंत्री मोदी और सीएम सम्राट चौधरी के साथ है। स्वर्गीय नवीन सिन्हा एवं नितिन नवीन द्वारा क्षेत्र में किए गए विकास कार्य जनता के सामने है। ऐसे में बांकीपुर की जनता एक बार फिर बीजेपी के उम्मीदवार को जिताने का काम करेगी। साथ ही उन्होंने सभी मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील भी की।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के वैशाली जिला प्रभारी संजय सहाय, डॉ. राकेश सिंह, डॉ. नितीश सिंह (निदेशक, के.एस. कॉलेज, पटना), समाजसेवी राजीव रंजन उर्फ मंटू यादव, शिक्षाविद् निर्मल कुमार सहित कस्तूरबा पथ एवं उत्तरी श्रीकृष्णापुरी के अनेक गणमान्य नागरिक और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। बैठक का समापन भाजपा-एनडीए प्रत्याशी नीरज सिन्हा की जीत सुनिश्चित करने के संकल्प और सभी मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील के साथ हुआ।











