नदी में बह रहे युवक की हुई पहचान, दो दिन से था लापता, ग्रामीणों की खूब हो रही सराहना

बीते गुरुवार को अजय नदी में बहते हुए मिले अज्ञात व्यक्ति की पहचान आखिरकार हो गई है। युवक पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले का रहने वाला है, जो दो दिनों से घर से लापता था।

बीते गुरुवार को अजय नदी में बहते हुए मिले अज्ञात व्यक्ति की पहचान आखिरकार हो गई है। युवक पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले का रहने वाला है, जो दो दिनों से घर से लापता था। जानकारी के अनुसार गुरुवार को नाला थाना क्षेत्र के पाथरघाटा गांव के समीप चरवाहों ने अजय नदी में एक व्यक्ति को बहते हुए देखा था। 

ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे नदी से बाहर निकाला और नाला पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विकास कुमार यादव के निर्देश पर एसआई हेमकांत ठाकुर मौके पर पहुंचे और युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाला लाया गया, जहां उसका इलाज किया गया। युवक की हालत ऐसी नहीं थी कि वह अपना नाम-पता बता सके, जिसके बाद पुलिस द्वारा उसकी पहचान के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा था।

शुक्रवार को युवक की पहचान राजकुमार ठाकुर, पिता मथुरा ठाकुर, ग्राम- नॉर्थ सियारसोल, थाना- जामुड़िया, जिला- पश्चिम बर्दवान के रूप में हुई। बताया गया कि वह दो दिन से घर से लापता था। पहचान सत्यापित होने के बाद पुलिस ने युवक को उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और ग्रामीणों की मानवता की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।

जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट