'यादवों में ज्यादातर लुच्चे-लफंगे' मंत्री के विवादित बयान पर भड़कीं रोहिणी, RJD का भी तीखा हमला
बिहार सरकार के मंत्री और जेडीयू नेता भगवान सिंह कुशवाहा ने यादव समाज में लुच्चा-लफंगा लोगों की संख्या ज्यादा होने की टिप्पणी की। मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा के इस विवादित बयान पर आरजेडी और रोहिणी आचार्य ने बड़ा हमला बोला है।

बिहार सरकार के मंत्री और जेडीयू नेता भगवान सिंह कुशवाहा के विवादित बयान को लेकर सियासत तेज हो गई है। मंत्री ने यादव समाज में लुच्चा-लफंगा लोगों की संख्या ज्यादा होने की टिप्पणी की और जेलों में बंद लोगों के आंकड़ों का हवाला दिया। मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा के इस विवादित बयान पर आरजेडी और रोहिणी आचार्य ने बड़ा हमला बोला है। रोहिणी आचार्य ने यहां तक कह दिया है कि मांझी-कुशवाहा के माध्यम से भाजपा-एनडीए जातीय उन्माद भड़काने की फ़िराक में है।
आरजेडी के सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा गया है-यादव सब लुच्चा लफ़ंगा होता है, सबसे ज्यादा अपराधी होता है! यही "विकास" होगा इस सरकार में! जब मंत्री की यह भाषा है तो सरकार की क्या नीति होगी यह स्पष्ट हो गया है! एक बनाम 'अन्य सभी' कर के सामाजिक, राजनीतिक ध्रुवीकरण का खेल होगा ताकि कोई इनसे इनके काम पर सवाल ना पूछे! किसी यादव की इस "दुष्ट, अनपढ़, जाहिल, गँवार और देहाती" मंत्री की जातिवादी बात से भावनाएँ आहत हुई हों तो मानहानि और समाज में विद्वेष फैलाने के लिए केस दर्ज करें!
वहीं आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने एक्स पर लिखा है-मांझी-कुशवाहा के माध्यम से जातीय उन्माद भड़काने की फ़िराक में है भाजपा - एनडीए ..जीतन राम मांझी और भगवान सिंह कुशवाहा जैसे मतिभ्रष्ट लोग एक बेहद गंदी राजनीतिक मंशा को साधने के मकसद से पूरी यादव जाति पर लगातार बेहद घटिया और ओछी टिप्पणी कर रहे हैं, इनके बयानों से ये साफ़ जाहिर होता है कि ये लोग एक सोची-समझी साजिश के तहत बिहार में जातीय उन्माद भड़काना चाहते हैं..
इनके बयानों पर भाजपा और एनडीए के अन्य घटक दलों के "यादव नेताओं" की चुप्पी ये बताती है कि मांझी और भगवान सिंह कुशवाहा को एनडीए और भाजपा आलाकमान की हरी झंडी प्राप्त है..लानत है जीतन राम मांझी , भगवान सिंह कुशवाहा, मौन धारण किए बैठे एनडीए के यादव नेताओं और सामाजिक - जातीय सौहार्द की झूठी दुहाई देने वाले एनडीए के तमाम घटक दलों के नेतृत्वकर्ताओं एवं नेताओं पर ..
वहीं एक अन्य पोस्ट में आरजेडी ने लिखा है-केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, अन्नपूर्णा देवी, नित्यानंद राय, बिहार के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र यादव, राज्यपाल नंदकिशोर यादव, MP के मुख्यमंत्री मोहन यादव, बिहार के मंत्री रामकृपाल यादव, विधानसभा उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव, जेडीयू सांसद दिनेशचंद्र यादव, सांसद गिरधारी लाल यादव, सांसद अशोक यादव, विधायक मनोज यादव, मनोरमा देवी, विभा देवी और राजकुमार राय लुच्चे-लफ़ंगे है। इनमें से अगर कोई कुछ बोलेंगा तो उन सबको उनकी औक़ात बता दूँगा। उनके दाँत तोड़ दूँगा। मेरी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश मेरा क्या करेगा उसकी तो यादाश्त ही नहीं बची। - भगवान सिंह कुशवाहा, मंत्री बिहार सरकार, जेडीयू
बता दें कि बिहार सरकार के मंत्री और जेडीयू नेता भगवान सिंह कुशवाहा ने यादव समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए दावा किया कि इस जाति के लोगों में ज्यादा ‘लुच्चा-लफंगा’ हैं और जेलों में भी इसी जाति के लोग सबसे अधिक बंद हैं। हालांकि, मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने अब अपने इस विवादित बयान पर सफाई पेश की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनके कहने का आशय पूरे यादव समाज को अपमानित करने का बिल्कुल नहीं था और उन्होंने कभी भी यादव भाइयों को 'लुच्चा-लफंगा' नहीं कहा है। मंत्री ने अपने स्पष्टीकरण में कहा कि उनका बयान किसी खास जाति या समुदाय के लिए नहीं था, बल्कि उनका संदर्भ अपराध और आपराधिक प्रवृत्ति से था।










