वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2 घनमीटर अवैध लकड़ी लदा पिकअप जब्त

जामताड़ा जिले के नाला में वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। नाला-अमलाचातर मुख्य मार्ग पर गश्ती के दौरान इंदुरहीड मोड़ के पास एक सफेद रंग के पिकअप वाहन को जप्त किया गया है।

जामताड़ा: जिले के नाला में वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। नाला-अमलाचातर मुख्य मार्ग पर गश्ती के दौरान इंदुरहीड मोड़ के पास एक सफेद रंग के पिकअप वाहन को जप्त किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम को विभागीय टीम गश्त पर थी। इसी दौरान बिना निबंधन संख्या वाले उक्त पिकअप को संदेह के आधार पर रोका गया। जांच करने पर गाड़ी में पीपल और चिलबिल प्रजाति के 3 बोटा लकड़ी लदी हुई मिली, जिसकी कुल मात्रा 2.0364 घनमीटर आंकी गई है।

जांच के दौरान वाहन चालक लकड़ी परिवहन से संबंधित कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वन विभाग ने नियमानुसार वाहन और लकड़ी दोनों को जप्त कर लिया। अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन में सवार लोग मौके से फरार हो गए, जिनकी खोजबीन जारी है। जब्ती की इस कार्रवाई के दौरान प्रधान वनरक्षी पुलक कुमार माल सहित वन विभाग के अन्य कर्मी मौजूद थे। अधिकारियों ने कहा कि अज्ञात तस्करों के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जामताड़ा से संतोष की रिपोर्ट