खनन कानून के विरोध में कांग्रेस का हल्ला बोल, केंद्र पर लगाया अधिकार छीनने का आरोप, पिक्चर अभी बाकी है...

जामताड़ा में गुरुवार को नए खनन कानून और चंदा चोरी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। शहर के महात्मा गांधी चौक पर जिला कांग्रेस के बैनर तले जोरदार जन-आक्रोश प्रदर्शन किया गया।

जामताड़ा में गुरुवार को नए खनन कानून और चंदा चोरी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। शहर के महात्मा गांधी चौक पर जिला कांग्रेस के बैनर तले जोरदार जन-आक्रोश प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। 

प्रदर्शन का नेतृत्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने किया। मंच से उन्होंने केंद्र पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार नया खनन कानून लाकर झारखंड के खनिज और आर्थिक अधिकारों पर डाका डालना चाहती है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। इस दौरान डॉ. अंसारी ने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ कानून की नहीं, झारखंड के हक और सम्मान की है। कांग्रेस इसे राज्य में लागू नहीं होने देगी। जनता के अधिकारों की यह लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ी जाएगी।

अपने चिर-परिचित अंदाज में उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अभी तो यह झांकी है, पिक्चर अभी बाकी है। साथ ही भाजपा को नसीहत दी कि युवाओं को रोजगार देने और किसान-गरीब हित में कानून बनाए।कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपिका बेसरा और कार्यकारी अध्यक्ष विजय दुबे ने भी केंद्र की नीतियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झारखंड के संसाधनों पर पहला हक यहां की जनता का है और कांग्रेस इस हक की लड़ाई को अंतिम सांस तक लड़ेगी।

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन अनुमंडल पदाधिकारी के माध्यम से जिला उपायुक्त को सौंपा। ज्ञापन में विवादित खनन विधेयक को वापस लेने और झारखंड के खनिज एवं आर्थिक अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट