जामताड़ा। मां काली पूजा के अवसर पर झारखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं नाला विधायक रविन्द्र नाथ महतो ने नाला विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आयोजित पूजा पंडालों में पहुंचकर मां काली के दर्शन किए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद लिया और समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।विधानसभा अध्यक्ष के पंडालों में पहुंचते ही पूजा समितियों के सदस्यों व स्थानीय श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। लोगों ने फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया।
इस दौरान रविन्द्र नाथ महतो ने सभी पूजा समितियों के सदस्यों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और पूजा की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी बातचीत की और क्षेत्र की खुशहाली के लिए मां काली से प्रार्थना की।उन्होंने कहा कि मां काली शक्ति की देवी हैं। उनकी कृपा से नाला विधानसभा क्षेत्र में हमेशा सुख-शांति और भाईचारा बना रहे, यही कामना है।
पूजा पंडालों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ हमारी सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। विभिन्न पंडालों में विधानसभा अध्यक्ष के पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने जय मां काली के जयकारे लगाए। पूजा समितियों ने उनके द्वारा क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों के लिए आभार जताया।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट