जामताड़ा के कर्माटांड़ में सोशल मीडिया पोस्ट के बाद बिगड़ा माहौल, पुलिस ने किया शांत

जामताड़ा जिला के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर धार्मिक टिप्पणी से जुड़ा वीडियो वायरल होने के बाद तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया है।

जामताड़ा जिला के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर धार्मिक टिप्पणी से जुड़ा वीडियो वायरल होने के बाद तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, कुरुवा साप्ताहिक हटिया में एक समुदाय विशेष पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का वीडियो सामने आया था। मामले में शिकायत मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अफरोज आलम नामक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

इधर, इसी मामले को लेकर दूसरे पक्ष के थानारडीह निवासी भूदेव महतो द्वारा भी सोशल मीडिया पर कथित टिप्पणी करने की बात सामने आई, जिसके बाद आक्रोशित लोगों की भीड़ ने उसके घर को घेर लिया और तोड़फोड़ की। सूचना मिलते ही कर्माटांड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान भीड़ ने पुलिस वाहन में भी तोड़फोड़ और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए देवघर और दुमका जिला से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में आई।

शांति समिति की बैठक में अमन की अपील

रविवार को कर्माटांड़ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीपीओ वसीम रज़ा सहित प्रशासन के अधिकारी, दोनों समुदायों के प्रबुद्ध लोग और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस पर हमला और सरकारी संपत्ति में तोड़फोड़ करने वालों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोनों पक्षों के लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट