पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जामताड़ा एवं जिला जल एवं स्वच्छता समिति के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को जल जीवन मिशन अंतर्गत जल अर्पण दिवस का प्रमंडलीय स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन नाला प्रखंड के नतूनडीह मैदान स्थित दालाबड़-महेशमुंडा एवं आसन्न ग्रामीण जलापूर्ति योजना के डब्ल्यूटीपी परिसर में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, कार्यपालक अभियंता राम प्रवेश राम, प्रखंड प्रमुख कलावती मुर्मू, उप प्रमुख समर माजी, पंचायत समिति सदस्य गुलशन अली सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस दौरान कार्यपालक अभियंता राम प्रवेश राम ने सभी जलसहियाओं को पुराने जलकर की वसूली कर विभाग में जमा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन जलसहियाओं का जलकर वसूली में प्रदर्शन बेहतर रहेगा, उन्हें जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही सभी को नियमित रूप से पानी की जांच करने का निर्देश दिया गया। इस मौके पर चार जलसहियाओं ने जल बचाव को लेकर एक प्रभावशाली गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में बताया गया कि 6.5 से 8.5 पीएच मान वाला पानी पीने योग्य होता है, जिसका किट के माध्यम से प्रयोग करके भी दिखाया गया।
मुख्य अतिथि डीडीसी असीम किस्पोट्टा ने अपने संबोधन में गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि नतूनडीह में बनी पानी टंकी से शुद्ध जल का लाभ उठाएं और नियमित जलकर देकर इसका लुत्फ उठाएं, क्योंकि बहुत कम पैसों में आपके घरों तक शुद्ध पानी पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में अभी पानी नहीं पहुंच रहा है, वहां जल्द ही हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया जाएगा। नाला क्षेत्र में नया प्रोजेक्ट लाकर पानी की किल्लत को पूरी तरह दूर किया जाएगा। वर्तमान में इस टंकी से क्षेत्र के 32 गांवों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जा रही है।
इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली जलसहियाओं को सम्मानित भी किया गया। पाथरघाटा गांव की जलसहिया मीता दास ने 27 हजार रुपये और भालजुड़िया गांव की गीता मंडल ने 11 हजार रुपये जलकर वसूली की, जिन्हें डीडीसी असीम किस्पोट्टा ने शॉल देकर सम्मानित किया। मौके पर पेयजल स्वच्छता विभाग के जिला समन्वयक अनुज कुमार मंडल, जेई राजकुमार, ब्लॉक कॉर्डिनेटर कृष्णा दे, गौरव कुमार झा सहित बड़ी संख्या में जलसहिया और ग्रामीण उपस्थित थे।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट