गैस अपडेट के नाम पर ठगी करने वाला साइबर अपराधी गिरफ्तार

जामताड़ा जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर अपराध थाना की टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है।

जामताड़ा जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना की टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। दल में पु०नि० कृष्ण कुमार और पु०अ०नि० हीरालाल महतो के साथ रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे। टीम ने करमाटांड़ थाना अंतर्गत कोड़राटांड़ गांव निवासी बसंत कुमार मंडल के घर पर छापा मारा।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 23 वर्षीय आरोपी बसंत कुमार मंडल को धर दबोचा। आरोपी के पास से पुलिस ने 3 मोबाइल फोन और 4 सिम कार्ड जब्त किए हैं।इस संबंध में साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 56/26, दिनांक 08.09.2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह महाराष्ट्र के लोगों को निशाना बनाता था। वह खुद को महाराष्ट्र नेचुरल गैस लिमिटेड  का कर्मचारी बताकर गैस सेवा अपडेट करने के नाम पर लोगों के मोबाइल पर फर्जी एपीके फाइल भेजता था। जैसे ही लोग उस फाइल को इंस्टॉल करते थे, उनके फोन की सारी निजी जानकारी उसके पास चली जाती थी और वह उनके खाते से पैसे उड़ा लेता था।  पुलिस के अनुसार आरोपी का नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों में फैला हुआ है। पुलिस अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।

जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट