जामताड़ा में साइबर ठगों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। एसपी शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के बाद साइबर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 8 मोबाइल फोन और 8 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, टीम ने रिंगोचिंगो गांव में सुनील कुमार मंडल के घर और अमडीहा गांव के एक अर्धनिर्मित मकान में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को पकड़ा गया।गिरफ्तार आरोपियों में सुनील कुमार मंडल, मो. अबुतालिब अंसारी, बहारुद्दीन अंसारी और समीम अंसारी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी गैस कनेक्शन अपडेट कराने के नाम पर लोगों को फोन करते थे और मोबाइल में स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड करवाकर गोपनीय जानकारी हासिल करते थे। वहीं, खुद को बैंक अधिकारी बताकर एटीएम नंबर, सीवीवी और ओटीपी हासिल कर रकम ट्रांसफर करने का भी आरोप है। पुलिस ने इस मामले में साइबर थाना में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। जामताड़ा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान व्यक्ति के कहने पर कोई ऐप डाउनलोड न करें और एटीएम, सीवीवी या ओटीपी किसी से साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट