जामताड़ा। नाला प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में रविवार को मां काली पूजा व दीपावली का पर्व बड़ी धूमधाम व श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस दौरान पूरा प्रखंड क्षेत्र दीयों की रोशनी और मां काली के जयकारों से गूंज उठा। पर्व को लेकर कई दिनों से ही गांवों में तैयारियां चल रही थीं। पूजा के दिन सुबह से ही श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला।
दीयों व लाइट से सजे घर, फूलों से सजे मंदिर
इस दौरान सभी घरों को मिट्टी के दीयों, मोमबत्ती तथा बिजली की झालर लाइट से भरपूर सजाया गया। घर-घर में दीप जलाए गए, जिससे पूरा गांव जगमगा उठा। वहीं मंदिरों व पूजा पंडालों को कच्चे फूलों से खूबसूरत तरीके से सजाया गया।मां काली की प्रतिमा के सामने फूल, प्रसाद व दीपों की कतार लगी रही।
इस दौरान नाला प्रखंड क्षेत्र के आमलाजोड़ा, नाला, गोपालपुर, डाबर, मुकुंडीह, पायराखोप, तिलाबनी, पाथरघाटा आदि विभिन्न गांवों में धूमधाम से मां काली की पूजा की गई। पूजा पंडालों तथा मंदिरों में देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही।पुरोहितों ने विधिवत मां काली की पूजा-अर्चना कराई।
श्रद्धालुओं ने मां से सुख, शांति, समृद्धि व खुशहाली की कामना की।पूजा के बाद प्रसाद वितरण किया गया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में पर्व को लेकर खास उत्साह देखा गया। पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट