जामताड़ा। जिस कला को पीढ़ियों से कलाकारों ने अपनी मेहनत और हुनर से जिंदा रखा, अब वही कला उनके घरों में खुशहाली लाने का जरिया बन सकती है। फतेहपुर प्रखंड के सालपातड़ा गांव स्थित जादुपेटिया टोला में सोमवार को कुछ ऐसी ही उम्मीद की नई शुरुआत हुई। बीएनटी फाउंडेशन की संस्थापक सुष्मिता खां ने कलाकार परिवारों को चटाई और रंग उपलब्ध कराकर उनकी पारंपरिक चित्रकला को नए बाजार से जोड़ने की पहल की। कलाकार बासुदेव चित्रकार एवं बाबलू चित्रकार ने चटाई पर अपनी कला के रंग बिखेरकर इस नई पहल को जमीन पर उतारना शुरू किया।
कागज से चटाई तक पहुंची कला
अब तक जादुपेटिया चित्रकला कागज और पारंपरिक पटचित्रों के माध्यम से लोगों तक पहुंचती रही है। लेकिन अब यही कला घरों में इस्तेमाल होने वाली चटाइयों पर भी दिखाई देगी। चटाई पर आकर्षक चित्रकारी तैयार कर उसे बाजार में बेचने की योजना है। इससे कला को नया स्वरूप मिलने के साथ कलाकारों की आमदनी बढ़ाने का रास्ता भी तैयार होगा।
बंगाल सहित अन्य राज्यों में है अच्छी मांग
बीएनटी फाउंडेशन की संस्थापक सुष्मिता खां ने बताया कि पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में चित्रकारी से सजी चटाइयों की काफी मांग है। वहां एक चटाई की कीमत 1500 से 2000 रुपये तक है। ऐसे में सालपातड़ा के कलाकारों के लिए यह बेहतर रोजगार का माध्यम बन सकता है।उन्होंने कहा कि कलाकारों को चटाई और रंग उपलब्ध कराने का उद्देश्य उनकी कला को बाजार तक पहुंचाना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
विरासत है जादुपेटिया चित्रकला
जादुपेटिया चित्रकला केवल रंगों और रेखाओं का मेल नहीं, बल्कि लोकसंस्कृति, परंपरा और पीढ़ियों की विरासत है। कलाकार अपनी चित्रकारी के माध्यम से लोककथाओं, धार्मिक प्रसंगों और सामाजिक जीवन को जीवंत करते हैं। लेकिन उचित आमदनी और स्थायी बाजार के अभाव में नई पीढ़ी इस पारंपरिक कला से दूर होती जा रही है। ऐसे में चटाई पर चित्रकारी की पहल कलाकारों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आई है।
पलायन रुकेगा, गांव में ही मिलेगा रोजगार
कलाकारों का मानना है कि यदि तैयार चटाइयों की नियमित बिक्री और बाजार उपलब्ध कराया जाए तो गांव में ही रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं। इससे कलाकारों को अपनी कला छोड़कर दूसरे राज्यों में मजदूरी करने के लिए पलायन नहीं करना पड़ेगा।
कला भी बचेगी और घरों में आएगी खुशहाली
सुष्मिता खां ने कहा कि किसी पारंपरिक कला को जीवित रखने के लिए सिर्फ उसकी प्रशंसा करना काफी नहीं है। जरूरी है कि कलाकारों के हुनर को बाजार मिले और उनकी मेहनत का उचित मूल्य भी। चटाई पर जादुपेटिया चित्रकला तैयार करने की पहल इसी सोच का परिणाम है। इससे कलाकारों की आमदनी बढ़ाने के साथ सदियों पुरानी कला को भी नई पहचान मिलेगी।
इस अवसर पर बीएनटी फाउंडेशन की टीम के चंदन चक्रवर्ती, शुभांगी सार्खेल, इजराइल खान तथा ग्रामीण रवि किस्कू, अजित हांसदा, प्रधान बास्की, परिमल चित्रकार, विमल चित्रकार, कमला चित्रकार सहित अन्य उपस्थित थे।फिलहाल कलाकारों के हाथों की कारीगरी सिर्फ चित्रों में ही नहीं, बल्कि चटाइयों पर भी नजर आएगी। उम्मीद है कि इन चटाइयों की बिक्री से कलाकारों के हुनर को उचित सम्मान और परिवारों को आमदनी का नया सहारा मिलेगा।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट