झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली और भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूरी तरह उतर आई है। हजारीबाग में भी बीजेपी के नेता छात्रों का समर्थन कर रहे हैं। हजारीबाग से भी सैकड़ों छात्र रांची पहुंचे हैं, जहां छात्रों का बड़ा प्रदर्शन हो रहा है।
वहीं रांची में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं विधायकों ने मुख्यमंत्री आवास के समक्ष जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। धरना में शामिल बरही विधायक मनोज कुमार यादव सहित भाजपा के अन्य विधायकों और वरिष्ठ पदाधिकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा नेताओं का कहना है कि वर्तमान सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और छात्रों की जायज मांगों को अनसुना किया जा रहा है।
वहीं मुख्यमंत्री आवास पर धरना दे रहे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी एवं बरही विधायक मनोज कुमार यादव सहित भाजपा नेताओं को हेमंत सरकार की पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर खेलगांव लाया गया है।
हजारीबाग से सुनील कुमार ठाकुर की रिपोर्ट