बैरियर के पास टला बड़ा हादसा, वाहनों के परिचालन पर फिर उठे सवाल

झारखंड के हजारीबाग जिला अंतर्गत केरेडारी में गुरूवार की शाम तब एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जब कोयला परिवहन में लगे एक हाइवा वाहन की चपेट में एक बाइक आ गयी।

झारखंड के हजारीबाग जिला अंतर्गत केरेडारी में गुरूवार की शाम तब एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जब कोयला परिवहन में लगे एक हाइवा वाहन की चपेट में एक बाइक का आ गयी। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि बाइक चालक समय रहते खुद को बचाने में सफल रहा, जिससे जनहानि टल गई। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। क्षतिग्रस्त बाइक सड़क पर पड़ी रही, जबकि स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों का कहना है कि यदि चालक थोड़ी भी देर करता तो यह घटना जानलेवा साबित हो सकती थी।

इधर घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने कोयला परिवहन व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पाण्डु बैरियर और आसपास के मार्गों पर भारी वाहनों का तेज रफ्तार परिचालन लगातार आम लोगों की जान जोखिम में डाल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कोयला ढुलाई में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है और सड़क पर चलने वाले आम लोगों की सुरक्षा को लेकर कोई गंभीरता नहीं दिखाई देती।

ग्रामीणों का आरोप है कि नकाश ट्रांसपोर्ट की ओर से की जा रही परिवहन व्यवस्था में पहले भी कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं किया गया। उनका कहना है कि परिवहन के दौरान निर्धारित नियमों और कानूनों का पालन नहीं किया जा रहा है तथा भारी वाहनों की गति और संचालन पर प्रभावी नियंत्रण नहीं दिखता। लोगों का आरोप है कि लापरवाही के कारण लगातार हादसों की आशंका बनी रहती है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी वाहन चालक एवं संबंधित एजेंसी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा पाण्डु बैरियर मार्ग पर कोयला परिवहन के दौरान सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे और जनहानि से बचा जा सके।

हजारीबाग से सुनील कुमार ठाकुर की रिपोर्ट