झारखंड के नेता प्रतिपक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी रविवार को एक दिवसीय परिभ्रमण कार्यक्रम पर झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेंगे। अपने कार्यशैली और बयानों के कारण चर्चा में रहने वाले बाबूलाल मरांडी के दौरे को लेकर जिले के बीजेपी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार मरांडी सुबह नौ बजे रांची से सड़क मार्ग द्वारा प्रस्थान करेंगे। इस दौरान वे काठीटांड़, ठाकुरगांव, बुड़मू, राय, बचरा होते हुए 11:00 बजे के करीब बड़गांव, थाना-टंडवा पहुंचेंगे। यहां वे पीड़ित परिजनों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। करीब एक घंटे के बाद 12:00 बजे के करीब मरांडी बड़गांव से प्रस्थान कर 12:30 बजे बचरा पहुंचेंगे। इसके बाद 1:30 बजे वे बहरा से राय, बुड़मू, ठाकुरगांव होते हुए दिन में तीन बजे के करीब वापस रांची लौट जाएंगे।
मरांडी को Z Category की CRPF सुरक्षा प्राप्त है। उनके साथ निजी सहायक और विशेष शाखा के सुरक्षाकर्मी भी रहेंगे। उनके इस दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारी की गयी है। इस दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन को पत्राचार कर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
चतरा से सुनील कुमार ठाकुर की रिपोर्ट