राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर हजारीबाग के उपायुक्त हेमन्त सती ने विभिन्न स्थानों पर दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र के विस्तार का संदेश भी दिया।
उपायुक्त ने सबसे पहले समाहरणालय परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद कुम्हारटोली स्थित गांधी स्मारक पहुंचकर राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं, इन्द्रपुरी चौक स्थित पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनकी जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य, अहिंसा, शांति एवं स्वच्छता का संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री का सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से परिपूर्ण जीवन सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों के आदर्शों और विचारों को आत्मसात करते हुए जनसेवा तथा राष्ट्रहित के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण कर उपायुक्त ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया और हरित क्षेत्र के विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया।
हजारीबाग से सुनील कुमार ठाकुर की रिपोर्ट