सोना सोबरन योजना के तहत बांटी गयी धोती, साड़ी और लुंगी, लाभार्थियों में हर्ष

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jul 14, 2026, 7:22:00 PM

झारखंड के हजारीबाग जिले से अहम खबर है। यहां झारखण्ड सरकार की महत्वाकांक्षी सोना सोबरन धोती-साड़ी योजना के तहत मंगलवार को विष्णुगढ़ पंचायत के नावाडीह में जनवितरण प्रणाली दुकान पर एक वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह वितरण झारखण्ड मुक्ति मोर्चा  के प्रखंड सचिव संजय प्रजापति के नेतृत्व में डीलर बालगोविन्द राम की दुकान पर संपन्न हुआ।

इस दौरान मुख्य रूप से उपस्थित प्रखंड सचिव संजय प्रजापति ने गरीब और जरूरतमंद लाभुकों के बीच धोती, साड़ी और लुंगी का वितरण किया। वितरण के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए झामुमो प्रखंड सचिव संजय प्रजापति ने कहा कि राज्य की हेमंत सरकार गरीबों और जरूरतमंदों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बिना किसी बाधा के पहुंचे, यही हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। 

उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि सरकार द्वारा कई जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। यदि किसी भी योग्य लाभुक को राशन, पेंशन या अन्य किसी सरकारी योजना का लाभ लेने में कोई परेशानी आ रही है तो वे तुरंत अपने जनप्रतिनिधियों से संपर्क करें ताकि उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।

हजारीबाग से सुनील कुमार ठाकुर की रिपोर्ट