अदाणी फाउंडेशन की पहल से बड़कागांव के युवाओं को मिला नया रास्ता, ड्राइविंग प्रशिक्षण से बढ़े रोजगार के अवसर

अदाणी फाउंडेशन की पहल से बड़कागांव के युवाओं को मिला नया रास्ता, ड्राइविंग प्रशिक्षण से बढ़े रोजगार के अवसर

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 23, 2026, 5:23:00 PM

हजारीबाग जिले के बड़कागांव क्षेत्र में ग्रामीण युवाओं को कौशल आधारित रोजगार से जोड़ने की दिशा में अदाणी फाउंडेशन की पहल असर दिखा रही है। गोंदुलपारा खनन परियोजना के अंतर्गत संचालित हेवी और लाइट मोटर व्हीकल (HMV-LMV) प्रशिक्षण कार्यक्रम हाल ही में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसका उद्देश्य प्रतिभागियों को पेशेवर रूप से तैयार करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना था।

करीब एक महीने तक चले इस प्रशिक्षण में गाली, गोंदुलपारा और चंदौल गांवों के कुल 20 युवाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत एक परिचय सत्र से हुई, जिसमें प्रतिभागियों को प्रशिक्षण की रूपरेखा समझाई गई। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और जिम्मेदार ड्राइविंग व्यवहार पर विशेष जोर दिया गया।

प्रशिक्षण को व्यावहारिक रूप देने के लिए प्रतिभागियों को केवल सैद्धांतिक जानकारी तक सीमित नहीं रखा गया। उन्हें वाहन संचालन का वास्तविक अनुभव भी कराया गया, जिससे वे सड़क पर सुरक्षित और कुशल तरीके से ड्राइविंग करने में सक्षम बन सकें। तकनीकी पहलुओं के साथ-साथ व्यवहारिक कौशल पर भी बराबर ध्यान दिया गया।

कार्यक्रम पूरा होने के बाद सभी प्रशिक्षुओं को लर्निंग लाइसेंस प्रदान किए गए हैं। संबंधित अधिकारियों के अनुसार, आगे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन्हें स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस भी जारी किए जाएंगे, जिससे उनके लिए रोजगार के अवसर और आसान हो जाएंगे।

इस पहल से क्षेत्र के युवाओं के लिए आजीविका के नए विकल्प खुलने की संभावना है। ड्राइविंग कौशल हासिल करने के बाद वे निजी या वाणिज्यिक क्षेत्र में नौकरी पाने के साथ-साथ स्वरोजगार की दिशा में भी कदम बढ़ा सकते हैं। साथ ही, यह प्रयास इलाके में सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा देने में भी सहायक साबित होगा।

अदाणी फाउंडेशन की यह पहल उसके व्यापक कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रमों का हिस्सा है। बड़कागांव क्षेत्र में संस्था द्वारा कौशल विकास, स्वास्थ्य सेवाएं, टीबी मरीजों के लिए पोषण सहायता, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण जैसे कई कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जो स्थानीय समुदाय के समग्र विकास में योगदान दे रहे हैं।

प्रशिक्षण के दौरान युवाओं में उत्साह स्पष्ट रूप से देखा गया। उन्होंने पूरी लगन से कार्यक्रम में भाग लिया और अब बेहतर भविष्य की उम्मीद के साथ आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं।