गिरिडीह नगर निगम की पहली बोर्ड बैठक में विकास एजेंडा तय, बुनियादी सुविधाओं पर विशेष जोर

गिरिडीह नगर निगम की पहली बोर्ड बैठक में विकास एजेंडा तय, बुनियादी सुविधाओं पर विशेष जोर

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Apr 09, 2026, 2:13:00 PM

गिरिडीह नगर निगम के नए भवन में पहली बार बोर्ड बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। इस बैठक को नगर प्रशासन के लिए एक नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

बैठक के दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति और आगामी योजनाओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया। HLMC से स्वीकृत योजनाओं के टेंडर प्रक्रिया, वार्ड स्तर पर नई योजनाओं के चयन, खुले नालों की समस्या के समाधान और स्लैब निर्माण जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही शहर में जलापूर्ति से जुड़ी समस्याओं पर भी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने अपने सुझाव दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

इसके अलावा शहर के प्रमुख मार्गों के सौंदर्यीकरण, यूनिपोल के जरिए राजस्व बढ़ाने के उपायों और उससे संबंधित चुनौतियों पर भी मंथन हुआ। यातायात व्यवस्था को सुचारू और व्यवस्थित बनाने के लिए भी कई सुझाव सामने आए।

इस अहम बैठक में नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, मेयर प्रमिला मेहरा, डिप्टी मेयर सुमित कुमार, उप नगर आयुक्त प्रशांत कुमार लायक समेत वार्ड पार्षद, अधिकारी और निगम के कर्मचारी उपस्थित रहे।

नगर निगम की यह पहली बैठक शहर के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है, जिससे भविष्य में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की उम्मीद जताई जा रही है।