जमशेदपुर: पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भुइयांडीह छायानगर में स्थित एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र भवन का आज शिलान्यास किया गया। 15वें वित्त आयोग के स्वास्थ्य प्रक्षेत्र मद से लगभग 1 करोड़ 43 लाख रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण का शिलान्यास जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू तथा सांसद प्रतिनिधि के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
यह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थानीय निवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाया जा रहा है। वर्तमान में क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की कमी को देखते हुए यह भवन आम लोगों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए वरदान साबित होगा। यहाँ ओपीडी सेवाएँ, प्राथमिक उपचार, मातृ-शिशु स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएँ तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी।
विधायक पूर्णिमा साहू ने आश्वासन दिया कि निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराया जाएगा ताकि लोगों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएँ मिल सकें।
जमशेदपुर से लाला जबीन की रिपोर्ट