राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को जमशेदपुर के संक्षिप्त लेकिन महत्वपूर्ण दौरे पर आ रही हैं। देश की सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन होने के बाद यह उनका शहर में दूसरा आगमन है। इससे पूर्व वह 29 दिसंबर 2025 को जमशेदपुर आई थीं। उनके स्वागत और कार्यक्रमों को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति सुबह नागपुर से रांची पहुंचेंगी। वहां से भारतीय वायुसेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर के जरिए दोपहर करीब 12 बजे सोनारी एयरपोर्ट उतरेंगी। सोनारी से उनका काफिला सीधे कदमा स्थित मरीन ड्राइव पहुंचेगा, जहां 100 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाले 90 फीट ऊंचे श्री जगन्नाथ मंदिर के निर्माण कार्य का भूमि पूजन और शिलापट्ट अनावरण किया जाएगा।
मंदिर परिसर में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति मुर्मू जनसभा को संबोधित करेंगी। कार्यक्रम के दौरान उनके लिए विशेष भोग की व्यवस्था की गई है, जिसकी तैयारी पुरी से आए पुरोहितों की देखरेख में हो रही है। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान समेत कई जनप्रतिनिधि और विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे। मंदिर कार्यक्रम में राष्ट्रपति लगभग दो घंटे व्यतीत करेंगी।
इसके बाद वह बारीडीह स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज जाएंगी। वहां छात्र-छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित है, जिसमें दो विद्यार्थी सीधे राष्ट्रपति से प्रश्न पूछेंगे। कॉलेज परिसर में राष्ट्रपति पौधरोपण भी करेंगी। साथ ही प्रस्तावित स्पोर्ट्स सेंटर और फूड कोर्ट की योजनाओं की जानकारी लेंगी। उल्लेखनीय है कि बनने वाला स्पोर्ट्स सेंटर उनके नाम पर स्थापित किया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज में लगभग 30 मिनट के प्रवास के बाद राष्ट्रपति अपराह्न 3:20 बजे सोनारी एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगी और 3:50 बजे रांची के लिए उड़ान भरेंगी। जमशेदपुर में उनका कुल प्रवास करीब तीन घंटे 50 मिनट का रहेगा।