जमशेदपुर में ऑनलाइन गेमिंग के जरिए साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बिरसानगर थाना क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी कर पुलिस ने पांच आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पांच लैपटॉप, 25 मोबाइल फोन, 102 एटीएम और डेबिट कार्ड, 67 सिम कार्ड समेत कई अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी GET&ID नामक ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को बड़ा इनाम जीतने का लालच देकर ठगी करते थे। इस कार्रवाई में जमशेदपुर और रामगढ़ साइबर थाना की संयुक्त टीम शामिल थी। जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
रामगढ़ साइबर थाना में दर्ज एक मामले के अनुसंधान के दौरान मिली जानकारी के आधार पर जमशेदपुर पुलिस और रामगढ़ साइबर थाना की संयुक्त टीम ने हुँगरी टोला, ओम नगर, रोड नंबर दो स्थित एक किराए के फ्लैट में छापेमारी की। इस दौरान ऑनलाइन गेमिंग के जरिए साइबर ठगी का संचालन कर रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी GET&ID नामक ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को गेम खेलने के लिए प्रोत्साहित करते थे। शुरुआत में कम पैसे लगाकर बड़ा इनाम जीतने का लालच दिया जाता था। इसके बाद जब खिलाड़ी पैसे हारने लगते थे, तो उन्हें अधिक रकम लगाकर अपना नुकसान वापस पाने का भरोसा दिलाया जाता था। इस चक्कर में लोग लाखों रुपये गंवा बैठते थे। ठगी से हासिल रकम को फर्जी बैंक खातों में ट्रांसफर करने और एटीएम कार्ड के जरिए नकद निकासी कर पैसे को ठिकाने लगाने का काम किया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एम. भानु प्रकाश, मो. फरहान, राहुल मिंज, अभिषेक राज और श्रवण सोना के रूप में हुई है। सभी आरोपी जमशेदपुर के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने पांच लैपटॉप, 25 मोबाइल फोन, 67 सिम कार्ड, विभिन्न बैंकों के 102 एटीएम और डेबिट कार्ड, नौ बैंक पासबुक, चार रजिस्टर और नोटबुक, तीन लैपटॉप चार्जर, एक वाई-फाई राउटर, लैन केबल, छह मोबाइल चार्जर, 8 हजार 440 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गिरोह के तार कहां-कहां जुड़े हैं और ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर कितने लोगों से ठगी की गई है।
जमशेदपुर से लाला जबीन की रिपोर्ट