'दिल्ली के रामलीला मैदान में ऐतिहासिक रैली' कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बीजेपी को दिया करारा जवाब

जमशेदपुर के तिलक पुस्तकालय में झारखंड कांग्रेस की एक अहम बैठक हुई, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के आरोपों पर पलटवार किया और चुनाव आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाए।

जमशेदपुर: जमशेदपुर के तिलक पुस्तकालय में झारखंड कांग्रेस की एक अहम बैठक हुई, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के आरोपों पर पलटवार किया और चुनाव आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाए।

दरअसल में 3 दिन पहले जमशेदपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया था कि कांग्रेस पार्टी नवरात्रि के समय दिल्ली में विरोध प्रदर्शन कर रही है। इसी सवाल पर जब झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह आंदोलन पूजा से पहले से ही चल रहा है।

यह आंदोलन जनता के हक के लिए है, लोकतंत्र और प्रजातंत्र की रक्षा के लिए है। हम सब समय आंदोलन करेंगे। इस दौरान केशव महतो ने चुनाव आयोग के अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ज्ञानेंद्र कुमार भारतीय जनता पार्टी के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं। अगर वो पारदर्शिता और निष्पक्षता से काम करते तो आज यह नौबत नहीं आती। आज से पहले कभी इस तरह के आंदोलन की जरूरत नहीं पड़ी थी।

केशव महतो ने आगे कहा कि जब तक ज्ञानेंद्र कुमार पर देशद्रोह का मुकदमा नहीं चलेगा, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी। 1 तारीख को दिल्ली के रामलीला मैदान में ऐतिहासिक रैली होगी, जिससे दिल्ली का चप्पा-चप्पा भर जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन और तेज होगा और प्रदेश से लेकर ब्लॉक, पंचायत और बूथ स्तर तक जारी रहेगा। इस वोट चोरी की सरकार को गद्दी छोड़ने के लिए मजबूर किया जाएगा।

जमशेदपुर से लाला जबीन की रिपोर्ट