जमशेदपुर में जनजातीय गौरव दिवस को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने प्रेस वार्ता कर कई महत्वपूर्ण जानकारी दी। साथ ही कांग्रेस और विपक्ष पार्टियों पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा विपक्ष ने जनजाति समाज को दशकों तक केवल वोट बैंक समझा और आज भ्रम व भय की राजनीति कर रहा है।
अर्जुन मुंडा ने कहा कि 15 नवंबर 2026 को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती है, जिसे देश जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में भाजपा 11 से 18 नवंबर तक देश के हर जनजाति बहुल जिले, विधानसभा और मंडल में जनजातीय गौरव सप्ताह मना रही है।
उन्होंने कहा भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के खूंटी जिले के उलिहातू में हुआ। उस समय अंग्रेजी शासन जनजातीय समाज की जमीन, जंगल और स्वाभिमान छीन रहा था। युवा बिरसा ने समाज को नशे और कुरीतियों से दूर रहने, अपनी संस्कृति पर गर्व करने और विदेशी सत्ता से लड़ने के लिए जगाया।
उन्होंने 'उलगुलान' का नेतृत्व किया और 'अबुआ दिशुम, अबुआ राज' यानी 'हमारा देश, हमारा राज' का नारा दिया। 9 जून 1900 को केवल 25 वर्ष की आयु में रांची जेल में उनका देहांत हुआ। उनके संघर्ष से 1908 में छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम बना, जिसने जनजातीय जमीन की रक्षा की।
जमशेदपुर से लाला जबीन की रिपोर्ट