आदित्यपुर स्टेशन बनेगा टाटानगर का वैकल्पिक केंद्र, GM अनिल कुमार मिश्रा ने किया निरीक्षण

आदित्यपुर स्टेशन बनेगा टाटानगर का वैकल्पिक केंद्र, GM अनिल कुमार मिश्रा ने किया निरीक्षण

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 10, 2026, 4:19:00 PM

दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) अनिल कुमार मिश्रा ने एक दिवसीय प्रस्तावित दौरे के तहत आदित्यपुर रेलवे स्टेशन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आदित्यपुर से लेकर चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले कई रेलवे स्टेशनों का गहन निरीक्षण किया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस निरीक्षण का प्रमुख उद्देश्य यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं की स्थिति का आकलन करना और आगामी आधारभूत ढांचा परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना रहा।

निरीक्षण के दौरान जीएम अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि टाटानगर रेलवे स्टेशन पर लगातार बढ़ रहे यात्री दबाव को कम करने के लिए आदित्यपुर स्टेशन को ‘सेटेलाइट स्टेशन’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कई अहम ट्रेनों का ठहराव और परिचालन आदित्यपुर स्टेशन से सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे यात्रियों को टाटानगर जाने की मजबूरी से राहत मिलेगी और उन्हें एक बेहतर विकल्प उपलब्ध हो सकेगा।

जीएम ने आदित्यपुर रेलवे स्टेशन के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष जताया। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रियों की सुविधा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए।

इन सुविधाओं पर रहेगा खास फोकस

निरीक्षण के दौरान रेलवे प्रशासन को जिन कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए, उनमें शामिल हैं:

  • लिफ्ट और रैंप का निर्माण: दिव्यांग यात्रियों और वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए

  • प्लेटफॉर्म का विस्तार: लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव के लिए प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने की योजना

  • थर्ड लाइन प्रोजेक्ट में तेजी: टाटानगर रेलवे यार्ड और तीसरी लाइन निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने का लक्ष्य

  • इस दौरे के दौरान चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण कुमार हुरिया सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। जीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट संकेत दिया कि आने वाले वर्षों में आदित्यपुर स्टेशन की भूमिका चक्रधरपुर मंडल में बेहद महत्वपूर्ण होने जा रही है।