IIT (ISM) धनबाद में 8वीं मंजिल से गिरकर छात्र की मौत, पेट्रोलियम इंजीनियरिंग के फाइनल ईयर का था विद्यार्थी

आईटीआई (आईएसएम) धनबाद में शनिवार की सुबह एक छात्र की मौत से संस्थान परिसर में हड़कंप मच गया। पेट्रोलियम इंजीनियरिंग के फाइनल ईयर में पढ़ने वाले छात्र माने राजकुमार प्रतीक की एक्वामरीन हॉस्टल की आठवीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई।

धनबाद : आईटीआई (आईएसएम) धनबाद में शनिवार की सुबह एक छात्र की मौत से संस्थान परिसर में हड़कंप मच गया। पेट्रोलियम इंजीनियरिंग के फाइनल ईयर में पढ़ने वाले छात्र माने राजकुमार प्रतीक की एक्वामरीन हॉस्टल की आठवीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना सुबह करीब 7:30 से 7:45 बजे के बीच की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही संस्थान के अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। 

मृतक छात्र की उम्र करीब 24 से 25 वर्ष थी, वह महाराष्ट्र के अहमदपुर का रहने वाला था

जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र की उम्र करीब 24 से 25 वर्ष थी। वह महाराष्ट्र के अहमदपुर का रहने वाला था। शनिवार की सुबह हॉस्टल की आठवीं मंजिल से गिरने के बाद उसे आनन-फानन में धनबाद के अशर्फी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे बचाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। फिलहाल छात्र का शव अस्पताल के मुर्दाघर में रखा गया है।

घटना की जानकारी छात्र के परिजनों को दे दी गई है

घटना की जानकारी छात्र के परिजनों को दे दी गई है। उनके धनबाद पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।  वहीं, घटना की सूचना पुलिस को भी दे दी गई है। छात्र आठवीं मंजिल से कैसे गिरा और इसके पीछे क्या वजह रही, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस और संस्थान प्रबंधन मामले की जांच में जुटे हैं। जांच के बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा। आईटीआई (आईएसएम) के सिक्योरिटी इंचार्ज राम मनोहर ने जानकारी दी।

धनबाद से नीतीश कुमार की रिपोर्ट