धनबाद : बौआ कला उत्तर पंचायत के बड़की बौआ और सोरीटांड़ निवासी होमगार्ड में चयनित दो युवक रोहित कुमार महतो एवं आशीष रवानी को प्रशिक्षण के लिए हर्षोल्लास के साथ सोमवार को हजारीबाग के लिए रवाना किया गया। दोनों युवकों को परिजनों एवं ग्रामीणों ने फूल माला पहना कर सम्मानित किया। वहीं, मिठाई खिलाकर शुभकामना भी दी। इस उपलब्धि से पंचायत क्षेत्र में गौरव व हर्ष का माहौल हैं। दोनों युवक गरीब परिवार से हैं और पढ़ाई के साथ-साथ स्वयं काम करके अपना खर्च चलाते थे व परिवार को सहयोग भी करते थे। कई वर्षों की मेहनत व लगन से दोनों ने सफलता हासिल की। युवकों ने इस सफलता के लिए श्रेय अपने शिक्षकों, माता-पिता व ईश्वर को दिया है।
'ईश्वर व माता-पिता के आशीर्वाद एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन के बिना यह कर पाना मुमकिन नहीं होता'
उन्होंने कहा कि ईश्वर व माता-पिता के आशीर्वाद एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन के बिना यह कर पाना मुमकिन नहीं होता। रोहित कुमार महतो के पिता चंद्र मोहन महतो मजदूर हैं। जबकि, रोहित स्वयं भी मजदूरी किया करते थे। वहीं, आशीष रवानी के पिता सुनील रवानी गांव में ही दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पंचायत के मुखिया भीम लाल रजक एवं पंचायत समिति सदस्य शंकर रजक ने भी युवकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि से अन्य युवक भी प्रेरित होंगे और क्षेत्र का नाम रौशन करेंगे। हमारी मंगलकामना हैं कि ये युवा आगे बढ़े और खूब नाम कमाएं।
ग्रामीणों ने कहा- हमारे पंचायत क्षेत्र से इन युवाओं ने एक मिसाल कायम की हैं
ग्रामीणों ने कहा कि हमारे पंचायत क्षेत्र से इन युवाओं ने एक मिसाल कायम की हैं। गरीब परिवार से होकर भी कड़ी मेहनत और संघर्ष करते हुए होमगार्ड भर्ती में सफल हुए। इसके लिए इन्हें काफी परेशानियों का सामना करना हैं। यह हमारें गांव के लिए गर्व और खुशी की बात हैं। ऐसे ही गांव के युवा आगे बढ़े और अपने जीवन में कामयाब बनें। बधाई देने वालों में प्रदीप सिंह, अयोध्या महतो, शंकर महतो, फागू महतो, उमर हुसैन, रथु सिंह, सरोज सिंह, मुकुंद महतो, सकुंद महतो, परशुराम महतो एवं अन्य शामिल हैं।
धनबाद से युधिष्ठिर महतो की रिपोर्ट