उपायुक्त के निर्देश पर जनता दरबार में त्वरित कार्रवाई, सीमा और किरण की रुकी पेंशन प्रक्रिया पूरी

जिला समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त की संवेदनशीलता और तत्परता का प्रत्यक्ष उदाहरण देखने को मिला। जिसके उपरांत दोनों लाभुकों का कार्य निष्पादित हो गया।

धनबाद : जिला समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त की संवेदनशीलता और तत्परता का प्रत्यक्ष उदाहरण देखने को मिला। भूली क्षेत्र की दो जरूरतमंद महिलाओं की लंबे समय से लंबित पेंशन समस्याओं का संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करवाई, जिसके उपरांत दोनों लाभुकों का कार्य निष्पादित हो गया।

विगत 9 महीनों से विधवा पेंशन की राशि प्राप्त नहीं हो रही थी - सीमा देवी

जनता दरबार में भूली 'डी' ब्लॉक (सेक्टर-5) निवासी सीमा देवी ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उन्हें विगत नौ महीनों से विधवा पेंशन की राशि प्राप्त नहीं हो रही थी। प्रखंड कार्यालय स्तर पर पूर्व में आवेदन देने के उपरांत भी निवारण न होने के कारण वे निरंतर आर्थिक संकट झेल रही थीं। वहीं, भूली निवासी वृद्ध महिला किरण देवी ने आवेदन देकर विगत छह महीनों से वृद्धावस्था पेंशन बाधित होने की व्यथा रखी।  

प्रशासनिक स्तर पर त्वरित पहल करते हुए दोनों लाभुकों की पेंशन से संबंधित कार्यवाही संपन्न कराई गई - उपायुक्त

दोनों मामलों को अत्यंत गंभीरता व मानवीय दृष्टिकोण से सुनते हुए उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल तकनीकी एवं प्रशासनिक अड़चनों को दूर करने और पेंशन बहाली सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया। उपायुक्त के स्पष्ट निर्देश के उपरांत प्रशासनिक स्तर पर त्वरित पहल करते हुए दोनों लाभुकों की पेंशन से संबंधित कार्यवाही संपन्न कराई गई। पेंशन की अगली राशि की भुगतान के वक्त इनकी पेंशन की राशि खाते में आनी शुरू हो जाएगी। समस्या का त्वरित समाधान होने पर सीमा देवी एवं किरण देवी ने उपायुक्त का हृदय से आभार व्यक्त किया। 

उपायुक्त ने कहा- जनता दरबार में आने वाली सभी जनसमस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा

उन्होंने कहा कि महीनों से वे लगातार दफ्तरों के चक्कर काटने को विवश थीं, लेकिन जिला प्रशासन की त्वरित संवेदनशीलता के कारण उनकी समस्या का तत्काल समाधान संभव हुआ। उपायुक्त आदित्य रंजन ने दोहराया कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े वंचित, असहाय एवं बुजुर्ग नागरिकों को सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ ससमय उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता दरबार में आने वाली सभी जनसमस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

जनता दरबार में पहुंचे बुजुर्ग की समस्या का त्वरित समाधान

समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में अपनी व्यथा लेकर पहुंचे बीएमपी कुष्ठ कॉलोनी धनबाद निवासी बुजुर्ग बहादुर राय की समस्या का समाधान उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के त्वरित हस्तक्षेप से कर दिया गया है। जनता दरबार में बहादुर राय ने उपायुक्त के समक्ष आवेदन सौंपते हुए बताया कि वे अत्यंत निर्धन व विभिन्न बीमारियों से ग्रसित हैं तथा पिछले दो महीनों से उन्हें राशन प्राप्त नहीं हो पा रहा था। डीलर द्वारा फिंगरप्रिंट न मिलने का हवाला देकर उन्हें राशन देने में असमर्थता जताई जा रही थी।  

उपायुक्त आदित्य रंजन ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को तत्काल संज्ञान लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया

मामले की गंभीरता और बुजुर्ग की लाचारी को देखते हुए उपायुक्त आदित्य रंजन ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को तत्काल संज्ञान लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उपायुक्त के निर्देश के आलोक में आपूर्ति विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी अड़चनों को दूर किया और बुजुर्ग को राशन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूर्ण कर दी। राशन मिलने की व्यवस्था सुनिश्चित होने के उपरांत बुजुर्ग बहादुर राय ने उपायुक्त एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भावुक होकर धन्यवाद दिया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि जनहित से जुड़े मामलों, विशेषकर दिव्यांग, बुजुर्ग और असहाय वर्ग की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और किसी भी पात्र लाभुक को उसके हक से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

समाहरणालय में जनता दरबार का आयोजन, वृद्धा पेंशन एवं राशन कार्ड से जुड़ी शिकायतों का त्वरित निष्पादन

समाहरणालय में मंगलवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के नेतृत्व में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए शिकायतकर्ताओं ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों से उपायुक्त को अवगत कराया। जनता दरबार में अबुआ आवास, प्रधानमंत्री आवास योजना, जान से मारने की धमकी एवं जमीन हड़पने, पेंशन, जमीन विवाद, होमगार्ड चयन, प्रमाण पत्र निर्गत करने, मुआवजा राशि का भुगतान नहीं होने, राशन कार्ड, विद्यालय में नामांकन नहीं होने, विधवा एवं वृद्धा पेंशन, तालाब एवं शौचालय निर्माण सहित अन्य मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया

उपायुक्त आदित्य रंजन ने कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया। वहीं, शेष आवेदनों के निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए लंबित मामलों का यथाशीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करें, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

धनबाद से युधिष्ठिर महतो की रिपोर्ट