धनबाद: जिले से बड़ी खबर है। मिली जानकारी के अनुसार फहीम खान के भाई पर फायरिंग करने वाले शूटरों से पुलिस का एनकाउंटर हुआ है। इसमें दो को गोली लगने की सूचना है। एनकाउंटर बुधवार की देर रात ईस्ट बसुरिया में हुआ। इस एनकाउंटर में मुख्य शूटर चंदन ठाकुर समेत दो घायल हुए हैं। पुलिस ने हथियार-कारतूस के साथ चार को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार धनबाद जिले के भूली मोड़ में हुए गोलीकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फहीम खान के भाई समेत तीन लोगों पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार देर रात ईस्ट बसुरिया थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच एनकाउंटर हुआ, जिसमें दो शूटरों को गोली लगी। घायल अपराधियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, धनबाद पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वासेपुर गोलीकांड में शामिल अपराधी ईस्ट बसुरिया थाना क्षेत्र में छिपे हुए हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की और अपराधियों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। बताया जा रहा है कि इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से भी फायरिंग की गई, जिसमें दो अपराधी घायल हो गए। पुलिस ने मौके से कुल चार अपराधियों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
एनकाउंटर में घायल अपराधियों की पहचान चंदन ठाकुर और प्रिंस के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, भूली मोड़ में फहीम खान के भाई समेत तीन लोगों पर हुई फायरिंग में चंदन ठाकुर मुख्य शूटर की भूमिका में था। जबकि प्रिंस कुमार बाइक चला रहा था। आरोप है कि घटना के दौरान उसने ताबड़तोड़ आठ राउंड फायरिंग की थी।
एनकाउंटर के दौरान चंदन ठाकुर के पैर और कमर में गोली लगी, जबकि दूसरे घायल अपराधी को भी इलाज के लिए असर्फी अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अब गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और घटना में इस्तेमाल हथियारों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
धनबाद से नीतीश की रिपोर्ट