धनबाद : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देशानुसार संविधान दिवस के अवसर पर समाहरणालय में उप निर्वाचन पदाधिकारी कालीदास मुंडा की अध्यक्षता में वरीय पदाधिकारियों एवं समाहरणालय के कर्मियों ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि हमारे देश के स्वतंत्रता सेनानियों एवं संविधान सभा ने जिस परिकल्पना के साथ संविधान के निर्माण में अपना योगदान दिया है उसके मूल मंत्र को अपनाने की आवश्यकता है।
'भारतीय संविधान में उल्लेखित मौलिक अधिकार एवं मौलिक कर्तव्य अत्यंत महत्वपूर्ण हैं'
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान में उल्लेखित मौलिक अधिकार एवं मौलिक कर्तव्य अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। संविधान के मूल उद्देश्यों का बार-बार पठन करने से ही उसके मूल मंत्र का हम अपने व्यवहार एवं दिनचर्या में पालन कर सकेंगे। हम सबको मिलकर अपने मौलिक दायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प लेना है। साथ ही हमारे संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित करना है। मौके पर विभिन्न विभागों के प्रधान सहायक व कर्मी उपस्थित थे।
धनबाद से युधिष्ठिर महतो की रिपोर्ट