धनबाद: रेलवे स्टेशन रोड सबीली मस्जिद और मजार की नई कमेटी पर गंभीर आरोप लगे हैं। स्थानीय लोगों ने कमेटी पर चंदे के पैसे का हिसाब नहीं देने और निर्माण सामग्री बर्बाद करने का आरोप लगाया है साथ ही उपायुक्त को इसकी लिखत शिकायत की है।
स्थानीय निसार खान ने बताया कि आम लोगों के पैसे से लाया गया 60 से 70 बोरा सीमेंट पिछले पांच महीने से पड़ा है और बारिश में पत्थर हो रहा है। हर सप्ताह स्थानीय लोगों द्वारा 20 से 30 हजार रुपये का चंदा आता है, लेकिन पांच महीने से उसका कोई हिसाब नहीं मिल रहा है, ना ही कोई काम हो रहा है और ना ही इमाम साहब को भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मजार पर लाइटिंग की भी व्यवस्था नहीं है, जिससे महिलाओं को परेशानी होती है।
लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर मामला जल्द सुलझा नहीं तो वे कोर्ट और थाना का दरवाजा खटखटाएंगे। वहीं जुम्मे की नमाज के बाद मजार पर इमाम को तनख्वाह नहीं मिलने के आरोप पर पुराने कमेटी सदस्य ने आक्रोश जाहिर किया है। उन्होंने कहा है कि इमाम को 5 महीने से तनख्वाह मिलनी चाहिए। उनका भी घर परिवार का पालन पोषण आखिर कहां से करेंगे।
धनबाद से नीतीश की रिपोर्ट