लुटेरी दुल्हन गैंग का पर्दाफाश, शादी का झांसा देकर ठगी और लूट, 10 आरोपी गिरफ्तार

धनबाद में शादी का झांसा देकर ठगी और लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सामने आए इस मामले में पुलिस ने लुटेरी दुल्हन गैंग से जुड़े 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

धनबाद में शादी का झांसा देकर ठगी और लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सामने आए इस मामले में पुलिस ने लुटेरी दुल्हन गैंग से जुड़े 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में महिला समेत कई लोग शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 13 मोबाइल फोन और शादी में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद की है।

दरअसल, पुलिस के अनुसार 3 सितंबर 2026 को सपना नाम की महिला ने वादी रमेश को फोन किया और अपनी कथित भतीजी पूजा से शादी कराने का प्रस्ताव रखा। शादी के लिए रमेश तैयार हो गया। इसके बाद शादी की तैयारी के नाम पर उससे पैसे और सामान की मांग की गई।

बताया गया कि शादी के लिए करीब 30 हजार रुपये के कपड़े खरीदे गए। इसके बाद शादी के एवज में दोबारा एक लाख रुपये की मांग की गई, जिसमें वादी ने करीब 40 हजार रुपये ऑनलाइन भुगतान किया। इसके बाद कथित दुल्हन पूजा की शादी राजस्थान से आए इकबाल नामक युवक से कराए जाने की बात सामने आई। शादी की रस्में पूरी होने के बाद पार्टी देने के नाम पर वादी और उसके परिजनों को गाड़ी में बैठाकर रास्ते में ले जाया गया।

आरोप है कि रास्ते में गिरोह के अन्य सदस्यों ने मिलकर वादी और उसके परिजनों को धमकी दी और उनके पास से 10 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और महिलाओं के जेवर छीन लिए। घटना के बाद पीड़ित ने बरवाअड्डा थाना में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद बरवाअड्डा पुलिस ने कांड संख्या 157/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जांच के क्रम में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में अजय दास, राजेश कुमार, संतोष साव, सुमन विश्वकर्मा, नीलम देवी, पूजा कुमारी, चंदन शर्मा, मकरी देवी, विशु कुमार यादव और राजेंद्र प्रसाद वर्मा शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 13 मोबाइल फोन, साड़ी, लहंगा, जींस-पैंट, अंगवस्त्र, चूड़ी और विवाह से जुड़ी अन्य सामग्री बरामद की है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस तरह की और कितनी घटनाओं को गिरोह ने अंजाम दिया है।

फिलहाल बरवाअड्डा पुलिस ने मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और इस तरह की पूर्व घटनाओं के संबंध में भी जांच जारी है।

 धनबाद से नीति की रिपोर्ट