फ्लैट देने के नाम पर ठगी! आरोपित दंपत्ति के आवास पर पुलिस ने चस्पाया इश्तिहार

धनबाद जिले में फ्लैट दिलाने के नाम पर लोगों से रुपये लेने और आवास उपलब्ध नहीं कराने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।

धनबाद जिले में फ्लैट दिलाने के नाम पर लोगों से रुपये लेने और आवास उपलब्ध नहीं कराने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। धनसार थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर आरोपित दंपति के रेजिडेंशियल अपार्टमेंट में इश्तिहार चस्पा किया है। यह कार्रवाई धनसार थाना कांड संख्या 159/23, 160/23 और 50/25 के तहत की गई है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय के भीतर अभियुक्त न्यायालय के समक्ष उपस्थित नहीं होंगे तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मिली जानकारी के अनुसार फ्लैट दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये लेने और बाद में आवास उपलब्ध नहीं कराने के आरोप में धनसार थाना पुलिस ने बुधवार को आरोपित दंपति के आवास पर इश्तिहार चस्पा किया। धनसार थाना के एसआई कृष्णा चौधरी के अनुसार, थाना कांड संख्या 159/23, 160/23 और 50/25 में विश्वरंजन तिवारी और उनकी पत्नी सुचित्रा तिवारी नामजद अभियुक्त हैं। दोनों के खिलाफ न्यायालय की ओर से इश्तिहार जारी किया गया था। इसी आदेश के आलोक में पुलिस टीम ने उनके रेजिडेंशियल अपार्टमेंट में इश्तिहार चस्पा किया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपित दंपति पर फ्लैट उपलब्ध कराने का झांसा देकर कई लोगों से बड़ी रकम लेने का आरोप है। रुपये लेने के बावजूद जब लोगों को फ्लैट नहीं मिला तो पीड़ितों ने धनसार थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, आरोपित दंपति के खिलाफ बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में भी इसी तरह के मामले में प्राथमिकी दर्ज है। उस मामले में न्यायालय के आदेश पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी की जा चुकी है। पुलिस ने बताया कि न्यायालय के आदेश के बावजूद अगर अभियुक्त निर्धारित समय सीमा के भीतर उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


धनबाद से नीतीश की रिपोर्ट