धनबाद : जिले के भूली ओपी क्षेत्र में पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पांडरपाला दास बस्ती निवासी राहुल कुमार दास के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से बरामद दो मोबाइल की जांच में एनसीआरपी पोर्टल पर अलग-अलग राज्यों से साइबर धोखाधड़ी की कुल 53 शिकायतें दर्ज मिली हैं।
पुलिस को 27 सितंबर की शाम NCRP पोर्टल के जरिए संदिग्ध मोबाइल नंबर से साइबर अपराध किए जाने की जानकारी मिली थी - प्रभारी साइबर DSP
इस संबंध सोमवार को धनबाद के प्रभारी साइबर डीएसपी प्रकाश कुमार साव ने बताया कि पुलिस को 27 सितंबर की शाम एनसीआरपी पोर्टल के जरिए संदिग्ध मोबाइल नंबर से साइबर अपराध किए जाने की जानकारी मिली थी। तकनीकी शाखा से मोबाइल नंबर की लोकेशन पांडरपाला दास बस्ती में मिली। इसके बाद वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर छापेमारी टीम का गठन कर कार्रवाई की गई। पुलिस टीम जब पांडरपाला दास बस्ती पहुंची तो एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने उसे तत्काल पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में उसकी पहचान राहुल कुमार दास के रूप में हुई।
पुलिस ने उसके पास से बरामद दोनों मोबाइल की NCRP पोर्टल के माध्यम से जांच की
पुलिस ने उसके पास से बरामद दोनों मोबाइल की एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से जांच की, जिसमें साइबर धोखाधड़ी से संबंधित कुल 53 शिकायतें दर्ज होने की जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान राहुल कुमार दास ने बैंक अधिकारी बनकर लोगों से साइबर ठगी करने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक सैमसंग और एक रियलमी मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस अब एनसीआरपी में दर्ज शिकायतों के आधार पर आरोपी से जुड़े साइबर ठगी के मामलों की आगे जांच कर रही है।
धनबाद से नीतीश कुमार की रिपोर्ट