अब बिना पर्ची नहीं मिलेगी एसिडिटी की दवा
अगर आपको एसिडिटी है और आप सीधे मेडिकल स्टोर से दवा ले लेते हैं तो अब ऐसा नहीं होगा। नए नियम के मुताबिक, अब मेडिकल स्टोर बिना डॉक्टरी सलाह या पर्ची के एसिडिटी की दवा नहीं दे सकेंगे।

पटना : अगर आपको एसिडिटी है और आप सीधे मेडिकल स्टोर से दवा ले लेते हैं तो अब ऐसा नहीं होगा। नए नियम के मुताबिक, अब मेडिकल स्टोर बिना डॉक्टरी सलाह या पर्ची के एसिडिटी की दवा नहीं दे सकेंगे। सेंट्रल ड्रग स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गनाइजेशन (CDSCO) की ओर से ऐसी शर्त रखी गई है। इसमें कहा गया है कि एसिडिटी की दवा वोनोप्रीजन की बिक्री डॉक्टर की पर्ची के साथ ही की जाए।
अगर किसी को बार-बार एसिडिटी होती है और वह लंबे समय से दवा ले रहा है तो इसकी वजह पता करना जरूरी है
सीडीएससीओ की ओर से कहा गया है कि अगर किसी को बार-बार एसिडिटी होती है और वह लंबे समय से दवा ले रहा है तो इसकी वजह पता करना जरूरी है। कुछ दवाओं को लंबे समय तक लेने पर शरीर में विटामिन बी12 और मैग्नीशियम की कमी हो सकती है। कुछ लोगों में दूसरी परेशानियां भी हो सकती हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि दवा लेने वाले हर व्यक्ति को ये दिक्कत होगी। लेकिन अगर रोज या लंबे समय तक दवा लेने की जरूरत पड़ रही है तो डॉक्टर से सलाह जरूर लेनी चाहिए।
पेट और आंतों से जुड़ी बीमारी में भी पर्ची जरूरी
एसिडिटी के इलाज में इस्तेमाल होने वाली वोनोप्राजान दवा को लेकर एक जरूरी बदलाव बताया गया है। 10 और 20 मिलीग्राम की यह दवा भारत में पहले से मंजूर है। अब इसकी दुकान से बिक्री डॉक्टर की पर्ची के आधार पर करने की बात कही गई है। खासतौर, पर पेट और आंतों से जुड़ी बीमारी के डॉक्टर की पर्ची जरूरी होगी। दवा को लेकर आगे भी टेस्ट करने की बात कही गई है। इसलिए इसे अपनी मर्जी से लेने के बजाय डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।










