SIR के विरोध में कांग्रेस का आक्रोश मार्च, चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और निर्वाचन आयोग (EC) की कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेस का देशव्यापी विरोध प्रदर्शन सोमवार को धनबाद में भी देखने को मिला। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने आक्रोश मार्च निकाला।

धनबाद : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और निर्वाचन आयोग (EC) की कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेस का देशव्यापी विरोध प्रदर्शन सोमवार को धनबाद में भी देखने को मिला। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने आक्रोश मार्च निकाला और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता अधिकारों की सुरक्षा की मांग उठाई। देशभर में कांग्रेस 28 सितंबर को जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन का कार्यक्रम कर रही है। 

धनबाद में जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता पुराने कांग्रेस कार्यालय से मार्च पर निकले

धनबाद में जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता पुराने कांग्रेस कार्यालय से मार्च पर निकले। मार्च पुराना डीसी कार्यालय होते हुए रणधीर वर्मा चौक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की और SIR तथा मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध जताया। रणधीर वर्मा चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पुतले का दहन किया। कांग्रेस का कहना है कि SIR और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर पारदर्शिता और जवाबदेही से जुड़े सवाल उठ रहे हैं। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और निर्वाचन प्रक्रिया की स्वतंत्र समीक्षा की मांग कर रही है। 

यह विरोध मार्च लोकतंत्र और मतदाता अधिकारों की रक्षा की मांग को लेकर निकाला गया है - जिला कांग्रेस अध्यक्ष

जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि यह विरोध मार्च लोकतंत्र और मतदाता अधिकारों की रक्षा की मांग को लेकर निकाला गया है। उन्होंने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची में पारदर्शिता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। वहीं, निर्वाचन आयोग से जुड़े विवाद में आयोग की ओर से यह कहा गया है कि उसके भीतर अलग-अलग राय होना निर्णय प्रक्रिया का हिस्सा है। प्रदर्शन में जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, प्रखंड और नगर अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चा-संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।

धनबाद से नीतीश कुमार की रिपोर्ट