झारखंड के धनबाद जिले से बड़ी खबर है। यहां धमाके के साथ जमीन की धंसने की खबर है। इस घटना के बाद से हडकंप मचा हुआ है।
धनबाद जिले में एक बार फिर जमीन धंसने की घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार हो रही बारिश के बीच डेंजर जोन और फायर एरिया में भू-धंसान और गोफ बनने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को लोदना क्षेत्र के बरारी छह नंबर बस्ती में जोरदार धमाके के साथ अचानक जमीन धंस गई। जमीन पर गहरी दरारें पड़ गईं और इन दरारों से जहरीला धुआं निकलने के साथ आग की लपटें भी दिखाई दीं। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों को आशंका है कि जमीन के नीचे लगी आग और जहरीली गैस का खतरा और बढ़ सकता है। खास बात यह है कि भू-धंसान वाली जगह के बिल्कुल पास से लक्ष्मी कॉलोनी को जोड़ने वाली मुख्य सड़क गुजरती है। ऐसे में अगर भू-धंसान का दायरा बढ़ा तो सड़क भी इसकी चपेट में आ सकती है। वहीं स्थानीय नेता सबूर गोराई ने भू-धंसान के लिए कोयला खनन को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने बीसीसीएल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
इधर घटना की सूचना मिलते ही बीसीसीएल की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रबंधन ने प्रभावित क्षेत्र में भराई कराने का आश्वासन दिया है। हालांकि स्थानीय लोगों की मांग है कि सिर्फ भराई से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। पहले जमीन के नीचे की स्थिति की जांच कर आग और जहरीली गैस के खतरे को खत्म किया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।
धनबाद से नीतीश की रिपोर्ट