धनबाद: शहर में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है और नगर निगम की घोर लापरवाही का खामियाजा एक बार फिर एक मासूम बच्ची को भुगतना पड़ा है। न्यू कॉलोनी स्थित दुर्गा मंदिर और आरएसएस कार्यालय के समीप 5 वर्षीय मासूम बच्ची आरोही सिन्हा पर दर्जनों आवारा कुत्तों के हिंसक झुंड ने जानलेवा हमला कर दिया। हमला इतना खौफनाक था कि बच्ची को बुरी तरह नोचे जाने की चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं।
घटना के वक्त आरोही अपनी बहन परिधि के साथ घर से निकलकर पास के ग्राउंड की ओर जा रही थी। तभी अचानक 10 से 15 आवारा कुत्तों ने पीछे से हमला कर दिया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बच्ची को कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को तुरंत शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों द्वारा उसे एंटी-रेबीज वैक्सीन और अन्य जरूरी दवाइयां दी जा रही हैं। बच्ची न केवल शारीरिक दर्द से कराह रही है, बल्कि गहरे मानसिक सदमे में है।
घायल बच्ची के पिता विकास सिन्हा ने भरे गले से अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि उनकी बेटी शारीरिक और मानसिक रूप से बेहद डरी-सहमी है। घर की अन्य बच्चियां भी इस खौफनाक मंजर को देखकर बाहर निकलने से कतरा रही हैं। विकास सिन्हा ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने नगर निगम के टोल-फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अधिकारियों की तरफ से केवल टालमटोल भरा रवैया देखने को मिला। दो दिन बीत जाने के बाद भी धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई है कि जगजीवन नगर और आसपास के इलाकों में कुत्तों के आतंक पर तुरंत अंकुश लगाया जाए, ताकि किसी और का बच्चा इस दर्द से न गुजरे।
हाल ही में झरिया में एक आवारा सांड के हमले में एक व्यवसायी की जान चली गई थी। इसके बावजूद धनबाद नगर निगम प्रशासन की नींद नहीं टूट रही है। शहर में न तो आवारा पशुओं और कुत्तों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है और ना ही नसबंदी की कोई ठोस व्यवस्था दिख रही है। आवारा जानवरों के बढ़ते खौफ के कारण बच्चों और बुजुर्गों का घर से निकलना मुहाल हो गया है। अगर समय रहते प्रशासन ने कोई सख्त कदम नहीं उठाया, तो भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता।
धनबाद से नीति की रिपोर्ट