छठ महापर्व से पहले DMFT फंड से बने अरलगड़िया छठ तालाब की खुली पोल, निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल

जिले में विकास योजनाओं के नाम पर सरकारी खजाने से लाखों-करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। ताजा मामला पुटकी के अरलगड़िया छठ तालाब का है।

धनबाद : जिले में विकास योजनाओं के नाम पर सरकारी खजाने से लाखों-करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। ताजा मामला पुटकी के अरलगड़िया छठ तालाब का है। यहां डीएमएफटी फंड से लाखों रुपए खर्च कर तालाब का जीर्णोद्धार कराया गया। लेकिन निर्माण कार्य पूरा होने के कुछ ही दिनों बाद सीढ़ियों में दरारें पड़ने लगीं, पुल से पानी का रिसाव होने लगा और सड़क भी जर्जर हो गई। अब छठ महापर्व में चंद दिन शेष हैं और तालाब की बदहाल स्थिति ने व्रतियों की चिंता बढ़ा दी है।

DMFT फंड से कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं

दरअसल, खनन प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) फंड से कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसी के तहत पुटकी के अरलगड़िया छठ तालाब का जीर्णोद्धार कराया गया था। योजना में तालाब की सीढ़ियों का निर्माण, पुल निर्माण, सड़क निर्माण और तालाब की खुदाई जैसे कार्य शामिल थे। लेकिन अब इन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

निर्माण कार्य पूरा होने के कुछ ही दिनों बाद सीढ़ियों में दरारें पड़ने लगीं - स्थानीय लोग

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य पूरा होने के कुछ ही दिनों बाद सीढ़ियों में दरारें पड़ने लगीं। पुल से लगातार पानी का रिसाव हो रहा है, जबकि सड़क की हालत भी खराब हो चुकी है। लोगों का सवाल है कि जब निर्माण पर लाखों रुपए खर्च किए गए, तो इतनी जल्दी निर्माण कार्य की यह स्थिति कैसे हो गई? क्या निर्माण के दौरान गुणवत्ता की जांच नहीं की गई? सबसे बड़ी चिंता छठ महापर्व को लेकर है। कुछ ही दिनों बाद इसी तालाब में छठ व्रती भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करेंगे। ऐसे में तालाब की मौजूदा स्थिति श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का सबब बन सकती है। जिस उद्देश्य से तालाब का जीर्णोद्धार कराया गया था, वही निर्माण अब सवालों के घेरे में है।

DMFT फंड से खर्च की गई सरकारी राशि के बावजूद निर्माण कार्यों की यह दुर्दशा क्यों है?

इस मामले को लेकर नवयुवक समिति के सदस्यों ने निर्माण कार्य में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितता का आरोप लगाया है। समिति ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर कार्रवाई करने और छठ महापर्व से पहले तालाब की मरम्मत कराने की मांग की है। अब सवाल यह है कि डीएमएफटी फंड से खर्च की गई सरकारी राशि के बावजूद निर्माण कार्यों की यह दुर्दशा क्यों है? क्या जिला प्रशासन छठ महापर्व से पहले अरलगड़िया तालाब की मरम्मत कराकर व्रतियों को राहत देगा या फिर श्रद्धालुओं को बदहाल व्यवस्था के बीच ही छठ पूजा करनी पड़ेगी? फिलहाल स्थानीय लोगों को प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है।