महिला और बेटे के साथ मारपीट, मां का टूटा हाथ

बोकारो के हरला थाना क्षेत्र अंतर्गत जोशी कॉलोनी महुआर में एक महिला और उसके बेटे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।

बोकारो : बोकारो के हरला थाना क्षेत्र अंतर्गत जोशी कॉलोनी महुआर में एक महिला और उसके बेटे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। महिला ने पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों पर लाठी-डंडे से मारपीट करने। साथ ही गाली-गलौज करने और मोबाइल छीनने का आरोप लगाया है। मारपीट में महिला का हाथ टूटने की बात कही गई है, जबकि उसके बेटे को भी चोटें आई हैं।

पीड़ित महिला की पहचान जोशी निवासी नीलमणि देवी के रूप में हुई है

पीड़ित महिला की पहचान जोशी निवासी नीलमणि देवी के रूप में हुई है। महिला का आरोप है कि शनिवार 19 सितंबर को उसके पड़ोस में रहने वाले संजय सिंह, रोहित, रितु और संजय सिंह के मित्र अप्पू सिंह ने उसके साथ मारपीट की। महिला के मुताबिक, आरोपियों ने लाठी-डंडे से हमला किया, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई और हाथ टूट गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के दौरान उसके तीन मोबाइल फोन छीन लिए गए। मारपीट में महिला के पुत्र राम बोदरा को भी चोटें आई हैं। 

पटाखा फोड़ने को लेकर विवाद शुरू हुआ था

राम बोदरा के अनुसार, पटाखा फोड़ने को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जिसके बाद आरोपियों ने घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद महिला सोमवार को शिकायत लेकर सेक्टर-4 एससी-एसटी थाना पहुंची। वहां मामला दर्ज नहीं होने के बाद महिला ने सिटी डीएसपी के समक्ष अपनी शिकायत रखी और पूरे मामले की जानकारी देते हुए आवेदन सौंपा।

सिटी DSP के आश्वासन के बाद हरला थाना पुलिस को मामले में कार्रवाई व प्राथमिकी दर्ज करने के लिए कहा गया

महिला के अनुसार, सिटी डीएसपी के आश्वासन के बाद हरला थाना पुलिस को मामले में कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज करने के लिए कहा गया। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, मामले में दूसरे पक्ष का बयान सामने नहीं आया है। पुलिस की जांच के बाद ही मारपीट और मोबाइल छीनने के आरोपों की वास्तविक सच्चाई सामने आ सकेगी ।

बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट