बोकारो : चास अंचल कार्यालय में सोमवार को उस समय हंगामा हो गया, जब जमीन विवाद से जुड़े मामले को लेकर बिजुलिया से पहुंचे चार से छह युवकों और कार्यालय कर्मियों के बीच विवाद बढ़ गया। मामले में पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में लिया है। चास सीओ सेवा राम के अनुसार, युवक अपने जमीन विवाद से संबंधित काम को तत्काल कराने की मांग कर रहे थे। उन्हें कुछ देर इंतजार करने को कहा गया, क्योंकि कार्यालय में इन दिनों एसआईआर और झारखंड सरकार के ऑफलाइन प्रमाणपत्र से जुड़े कार्य तेजी से चल रहे हैं और कर्मचारी उसी में व्यस्त हैं।
युवक आवेश में आ गए और गाली-गलौज करने लगे
आरोप है कि इसी दौरान युवक आवेश में आ गए और गाली-गलौज करने लगे। विवाद बढ़ने पर मारपीट की स्थिति बन गई। सीओ ने बताया कि उन्होंने काफी संयम बरता और बाद में पुलिस को सूचना दी। घटना के दौरान बीडीओ भी उनके चैंबर में मौजूद थे।
हिरासत में लिए गए युवकों ने आरोप लगाया कि काम कराने के एवज में उनसे पैसे की मांग की गई थी
वहीं, हिरासत में लिए गए युवकों ने आरोप लगाया कि काम कराने के एवज में उनसे पैसे की मांग की गई थी। इसका विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और उन पर गलत आरोप लगाया गया। सीओ सेवा राम ने पैसे मांगने के आरोप को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। उन्होंने युवकों के खिलाफ चास थाने में शिकायत दी है और मारपीट के आरोप से भी इनकार किया है। पूरे मामले की सच्चाई जानने के लिए कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट