BGH पर गंभीर आरोप, गरीब दंपति के नवजात को 2 लाख में खरीदने का ऑफर!

सेक्टर-4 थाना अंतर्गत बोकारो जनरल हॉस्पिटल (BGH) एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार वजह मानवता को शर्मसार करने वाली है। सर्कस मैदान निवासी मनोज कुमार ने अस्पताल के स्टाफ पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं।

बोकारो : सेक्टर-4 थाना अंतर्गत बोकारो जनरल हॉस्पिटल (BGH) एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार वजह मानवता को शर्मसार करने वाली है। सर्कस मैदान निवासी मनोज कुमार ने अस्पताल के स्टाफ पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। मनोज की पत्नी सोनी कुमारी 29 अक्टूबर से बीजीएच में भर्ती है। उसी दिन शाम पांच बजे नॉर्मल डिलीवरी से बेटी हुई। 

सफाई कर्मचारी और 3 नर्सों ने कहा- तुम गरीब हो, लड़की को नहीं पाल पाओगे, 2 लाख में बच्चा बेच दो - मनोज कुमार

मनोज कुमार ने आरोप लगाया कि एक सफाई कर्मचारी और तीन नर्सों ने कहा कि तुम गरीब हो, लड़की को नहीं पाल पाओगे, दो लाख में बच्चा बेच दो। जब मैंने मना किया तो मेरी पत्नी से मिलने भी नहीं दिया जा रहा। इस संबंध में एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। जिसमें नवजात की मां बाप और एक सफाई कर्मचारी के बीच बातचीत होने की बात की जारही है। जिसमें नवजात के सौदे की बात हो रही है। 

SDO चास के आदेश पर इस मामले की जांच करने गए थे। जांच जारी है - थाना प्रभारी नीतीश कुमार

इस संबंध में सेक्टर-4 थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि एसडीओ चास के आदेश पर इस मामले की जांच करने गए थे। जांच जारी है। जांच रिपोर्ट बड़े अधिकारियों को दे दिया जाएगा। इस संबंध में बीएसएल प्रबंधन का कहना है कि हमारे पास कोई लिखित शिकायत नहीं आई है अगर ऐसी कोई शिकायत आती है तो हम उस पर जांच करेंगे।

बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट